चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की रैली पर बीजेपी ने उठाए सवाल,कांग्रेस-JMMने कहा- लोकतंत्र में सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार
रांची: दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर आयोजित महारैली को लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है। बीजेपी ने विपक्ष की इस रैली को चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की कोशिश करार दिया है। वहीं, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बीजेपी के आरोपों पर पलटवार करते हुए इसे लोकतंत्र में विपक्ष का अधिकार बताया है।
बीजेपी का आरोप- संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की कोशिश
झारखंड बीजेपी के प्रवक्ता ने INDIA गठबंधन की महारैली पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने के लिए विपक्ष प्रायोजित अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को इस तरह निशाना बनाना उचित नहीं है। बीजेपी प्रवक्ता ने रामलीला मैदान में भीड़ को लेकर कांग्रेस के दावों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि कांग्रेस नेताओं की ओर से रैली में 10 लाख लोगों के जुटने की बात कही जा रही है, जबकि रामलीला मैदान की क्षमता करीब 25 हजार बताई जाती है। उन्होंने दावा किया कि मैदान में कई कुर्सियां भी खाली पड़ी थीं।
कांग्रेस-JMMका पलटवार- सवाल उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार
वहीं, बीजेपी के आरोपों पर झारखंड में कांग्रेस और JMM नेताओं ने पलटवार किया है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है। चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और SIR जैसे मुद्दों पर आवाज उठाने को गलत नहीं ठहराया जा सकता। विपक्षी नेताओं ने रैली में उमड़ी भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में देशभर से लोग अपनी नाराजगी जाहिर करने पहुंचे थे। उनके मुताबिक, जनता में केंद्र सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष है, जिसका प्रदर्शन महारैली में देखने को मिला।
आने वाले दिनों में बड़े बदलाव का दावा
कांग्रेस और JMM नेताओं ने दावा किया कि देश की जनता केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर कर रही है और आने वाले दिनों में देश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल रामलीला मैदान की महारैली को लेकर झारखंड में बीजेपी और INDIA गठबंधन के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक ओर बीजेपी विपक्ष की रणनीति पर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस और JMM इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई बता रहे हैं।
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट

