PATNA:-बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के तारापुर और कुशेश्वरस्थान में होने वाले उपचुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार की जीत पक्की है,क्योकि विधानसभा चुनाव 2020 में काफी कम मार्जिन से इन सीटों पर महागठबंधन प्रत्याशी की हार हुई थी।तेजस्वी ने कहा कि उपचुनाव की वजह से ही सीएम नीतीश कुमार ने बाढ के बहाने कुशेश्वरस्थान का दौरा किया था,पर जीत उन्ही के गठबंधन को मिलेगी।यह विधानसभा का उपचुनाव काफी महत्व रखता है।तेजस्वी ने ये बातें राजद के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के दौरान कही।
इस मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने खगड़िया नगर परिषद की सभापति सीता देवी और उनके पति सह पूर्व सभापति मनोहर यादव एवं उनके सैकड़ों समर्थकों को राजद की सदस्यता दिलाई।
मनोहर यादव राजद में शामिल होने से पहले कई सालों से पूर्व सांसद पप्पू यादव की पार्टी जाप से जुड़े हुए थे और पप्पू यादव ने उन्हें अपनी पार्टी के प्रदेश किसान प्रकोष्ट के अध्यक्ष की जिम्मेवारी दी थी।मनोहर यादव और उसकी उनकी पत्नी के साथ ही खगड़िया नगर परिषद के कई वर्तमान और पूर्व पार्षदों ने भी राजद की सदस्यता ली है।सदस्यता लेने वाले अधिकांश नेता और कार्यकर्ता खगड़यिा में जाप पार्टी से ही जुड़े हुए थे।
तेजस्वी ने अपने संबोधन में अपनी पार्टी को मजबूत करने के साथ ही केन्द्र की मोदी सरकार, बिहार की नीतीश सरकार और जातीय गणऩा को लेकर कई बातें कहीं।तेजस्वी ने कहा कि पार्टी से जुड़कर लालू के विचार को आगे बढाना है।पार्टी के समक्ष आगे बढने की चुनौती है औरआपसी मतभेद को भुलाकर पार्टी को आगे बढाना है।
वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि भाजपा अब पार्टी नहीं बल्कि चुनाव जीतने की मशीन बन गई है।जिस प्रदेश में वह चुनाव हारती है वहां जोड़-तोड़ करके सरकार बनाती है।केन्द्र सरकार की नीति की वजह से गरीब ,मजदूर और किसान परेशान हैं।
बिहार की नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले चुनाव में उनलोगों ने कमाई,पढाई,दवाई,सिचाई,मंहगाई,सुनवाई और कार्रवाई को लेकर चुनाव लड़ी थी ,पर वर्तमान सरकार इनमें से किसी भी मुद्दे पर काम नहीं कर रही है।उनलोगों के 10 लाख रोजगार की जगह एनडीए ने 19 लाख रोजगार देने का वादा किया था पर पिछले एक साल में बिहार के 15 लाख लोगों ने अपना रोजगार खोया है।
अरूण चौरसिया,कशिश न्यूज