एनडीए सरकार पर महंगाई रोकने में विफल रहने का लगाया आरोप
पटना:- मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सह कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह बिहार दौरे पर हैं।राजधानी पटना स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता कर दिग्विजय सिंह ने केन्द्र की मोदी और बिहार की नीतीश सरकार पर कई राजनीतिक आरोप लगाये।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि देश की मोदी सरकार पूर्व की सरकारों द्वारा जमा की गई संपत्ति को बेचने का काम कर रही है। इस तरह का जो कार्य केंद्र सरकार कर रही है वह सही नहीं है।अच्छे दिन का वादा करके सत्ता में आने वाले पीएम मोदी की नीति की वजह से आम लोगों की मुसीबत बढती जा रही है।देश में महंगाई चरम पर है। देश की मोदी सरकार जनता से जुड़े हुए मुद्दों पर संसद में भी बात नहीं करना चाहती है।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए वे बीजेपी के इशारों पर काम कर रहे हैं।वहीं जेपी विश्वविद्यालय छपरा के राजनीतिक शास्त्र पीजी कोर्स से जयप्रकाश नारायण एवं लोहिया समेत अन्य समाजवादी विचारधारा और स्वतंत्रता सेनानियों के जीवनी को सिलेबस से अलग किए जाने के मुद्दे पर कहा यह बीजेपी के इशारों पर किया गया है।इस मुद्दे पर सीएम नीतीश कुमार को ध्यान देना चाहिए।
दिग्विजय सिंह ने अपने बिहार के कांग्रेस के नेताओं से कहा कि वे जनता के बीच में जाएं और राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार की गलतियों को उजागर कर जनता के सामने सच लाने का काम करें।
पटना से गौतम की रिपोर्ट

