झंडा चौक के समीप रेलवे ब्रिज के नीचे देर रात हुई घटना, दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू; आसपास की स्थायी दुकानें बचीं
कोडरमा:जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत झंडा चौक के समीप रेलवे ब्रिज के नीचे फुटपाथ पर संचालित जूते-चप्पल की तीन दुकानों में बीती रात भीषण आग लग गई। इस अगलगी में दुकानों में रखे जूते-चप्पल समेत अन्य सामान जलकर राख हो गए। दुकानदारों के अनुसार, इस घटना में करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के संबंध में दुकानदार रुस्तम ने बताया कि वह अपने दो मित्रों गुड्डू और चुन्नू के साथ पिछले कई वर्षों से उक्त स्थान पर जूते-चप्पल की दुकान लगाते आ रहे हैं। दिनभर दुकानदारी करने के बाद वे अपने सामान को चारपाई पर रखकर प्लास्टिक के तिरपाल से ढक देते थे और वहीं सो जाते थे।
बीती रात भी रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद उन्होंने सामान को तिरपाल से ढक दिया था। इसी दौरान उनका भाई अफजल वहां सो रहा था। देर रात करीब एक बजे अचानक जलने की गंध आने पर अफजल की नींद खुली। उसने देखा कि दुकानों में रखे जूते-चप्पलों में भीषण आग लगी हुई है।
अफजल ने तत्काल फोन कर इसकी सूचना रुस्तम और अन्य भाइयों को दी। वहीं, रुस्तम ने अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी और तुरंत मौके पर पहुंचकर अपने भाइयों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे उस पर काबू पाने में सफल नहीं हो सके।
भीषण अगलगी में 5 लाख का नुकसान
कुछ देर बाद दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक तीनों दुकानों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। रुस्तम के अनुसार, इस घटना में तीनों दुकानदारों को सामूहिक रूप से करीब 5 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
आसपास की दुकानें बचीं, टली बड़ी घटना
घटनास्थल के आसपास फुटपाथ पर कई अन्य दुकानें संचालित होती हैं। इसके अलावा वहां कई स्थायी दुकानें भी मौजूद हैं। आग यदि आसपास की दुकानों तक फैल जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। दमकल की टीम के पहुंचने और आग पर काबू पाने से आसपास की दुकानें इसकी चपेट में आने से बच गईं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

