बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का दिखेगा असर, रांची समेत कई जिलों में छाएंगे बादल; तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना
रांची:झारखंड में ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 और 21 नवंबर को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिणी झारखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम में इस बदलाव का असर राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में भी देखने को मिल सकता है। आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवाती तूफान अकवान
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान लगातार मौसम को प्रभावित कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान 20 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम तट के बीच से गुजर सकता है। इसके प्रभाव से झारखंड और आसपास के राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
20 और 21 नवंबर को इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा सहित आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है। 20 नवंबर को दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की आशंका है। वहीं, 21 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
रांची के तापमान में दर्ज की गई गिरावट
पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आने वाले दो दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। विशेषकर बारिश और गरज-चमक की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है।
रांची से करिश्मा सिन्हा कि रिपोर्ट

