वैशाली। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत युसूफपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के ही विश्वनाथ राय के आम के बागान में एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा गया। मृतक की पहचान युसूफपुर निवासी प्रभुनाथ राय के 17 वर्षीय सबसे छोटे बेटे सुधा कुमार उर्फ गोलू के रूप में की गई है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के भाई के अनुसार, गांव के ही एक युवक ने कुछ समय पहले उनकी बहन से लव मैरिज की थी, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। मृतक के भाई का आरोप है कि कुछ दिन पहले उसी युवक ने उन्हें फोन कर धमकी भी दी थी। ऐसे में परिजनों को शक है कि इसी विवाद के चलते सुधा कुमार की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज थाना के SI विकास कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया। वही मौके पर सुलेशन भी देखा गया है। सूत्रों के मुताबिक, मृतक सुधा कुमार उर्फ गोलू ने भी हाल ही में प्रेम विवाह किया था। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल में जुट गई है।

वैशाली से ऋषभ की रिपोर्ट