डीएवी वाल्मी में धूमधाम से मना जश्न-ए-आजादी का त्योहार, नौनिहालों के शानदार रंगारंग कार्यक्रम ने मोहा मन
PATNA : पटना के फुलवारीशरीफ में स्थित डीएवी वाल्मी में 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पूरे धूमधाम से मनाया गया। स्कूल की प्राचार्या ज्योति सिन्हा ने छात्रों और शिक्षकों की मौजूदगी में झंडोत्तोलन किया और कार्यक्रम का शुभारंभ किया। धूमधाम से मना जश्न-ए-आजादी का त्योहारतिरंगे की आन-बान-शान को सलामी देते हुए सभी ने गर्व के साथ इस दिन को अमर बनाने का संकल्प लिया। "तिरंगा लहराए" समूहगान की प्रस्तुति से रंगारंग कार्यक्रम का आरंभ हुआ। फिर तो एक के बाद एक मनमोहक प्रस्तुति की झड़ी सी लग गयी। एलकेजी के बच्चों के नन्हें पांवों की थिरकन और यूकेजी के बच्चों की 'आओ बच्चों तुम्हें दिखाऊं..' ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नौनिहालों की शानदार प्रस्तुति इसके बाद 'जहां डाल-डाल की' प्रस्तुति ने भारत के सुनहरे अतीत को प्रस्तुत कर दर्शकों को अतीत के दर्शन कराए तो 'नन्हा-मुन्ना राही हूं..' कि प्रस्तुति ने अलमस्त बच्चों के बचपन को साकार कर दिया। कक्षा प्रथम के 'लहरा दो..' से आजादी की लहर जगा दी तो सावन के सुहाने पल को समूह नृत्य में ढालकर प्रस्तुत किया। पुनः देश हमारा, धरती हमारी, घोड़े जैसी चाल, राखी बंधवा लो भैया और सलाम इंडिया की मनमोहक प्रस्तुति बच्चों के भीतर छिपे कलाकार को सहज ही प्रकट कर दिया। बालक वर्ग की ओर से प्रस्तुति "तेरी मिट्टी में मिल जावा" ने समर्पण और त्याग का नमूना प्रस्तुत कर संपूर्ण कार्यक्रम को गरिमामय रूप प्रदान किया। धन्यवाद ज्ञापन वरीय शिक्षिका लीना सिन्हा ने किया। मंच का संचालन आशुतोष सिंह और डॉ. अजय कुमार ने किया।
