भागलपुर: बड़ी खबर बिहार के भागलपुर से है जहां नारायणपुर प्रखंड के भ्रमरपुर गांव में मंगलवार सुबह कर्मा-धर्मा पूजा के लिए झुरी काटने गई 5 युवतियां सड़क किनारे बाढ़ के पानी से भरे गड्ढे में डूब गईं. हादसे में 4 युवतियों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला जबकि एक युवती की डूबने से मौत हो गई.

यह घटना भ्रमरपुर गांव के वार्ड नंबर4में कामामाय स्थान के पास की है. घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से डूबी बच्ची रिमझिम की तलाश शुरू की. लेकिन कुछ देर बाद उसका शव बरामद कर लिया गया.

मृतका की पहचान अनिल मंडल की बेटी रिमझिम कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने गड्ढे और उसमें भरे बाढ़ के पानी को लेकर विभाग और ठेकेदार की लापरवाही का आरोप लगाया है और जांच की मांग की है.

भागलपुर से सुशील की रिपोर्ट-