
सोमवार, 14 सितंबर 2026
Live
औरंगाबाद : बड़ी खबर बिहार के औरंगाबाद से है जहां बारुण के केशव हाईस्कूल में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. निगरानी टीम ने फिजिकल टीचर शशि भूषण यादव को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है. शिक्षक पर मैट्रिक सर्टिफिकेट देने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगा है.बताया जा रहा है कि मखरा गांव निवासी संतोष कुमार ने 6 अगस्त को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से शिक्षक द्वारा 10 हजार रुपये घूस मांगे जाने की शिकायत की थी. शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने कार्रवाई की. डीएसपी ऋषिता स्नेह के नेतृत्व में निगरानी टीम ने शिक्षक को दबोचा. गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने शिक्षक को अपने साथ ले गई. फिलहाल आरोपी शिक्षक से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट-
बिहार के औरंगाबाद जिले के अंबा में प्रेम प्रसंग का अनोखा मामला सामने आया। समस्तीपुर की एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने के लिए करीब 250 किलोमीटर दूर अंबा पहुंच गई। प्रेमी बिहार पुलिस में सिपाही है और उसकी ड्यूटी उत्पाद विभाग के एरका चेक पोस्ट पर लगी थी।युवती का आरोप था कि सिपाही ने करीब चार साल तक प्रेम संबंध में रहने और शादी का वादा करने के बाद अब विवाह से इनकार कर दिया। युवती को यह भी जानकारी मिली थी कि प्रेमी की शादी कहीं और तय हो रही है। इसके बाद वह अपने घरवालों को बताए बिना सीधे अंबा पहुंच गई।एरका चेक पोस्ट पर दोनों के बीच शादी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। हंगामा बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम दोनों को थाने ले गई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई थी।युवती के मुताबिक, करीब तीन वर्ष पहले युवक का बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयन हुआ। नौकरी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही। बाद में युवती के परिवार ने उसकी शादी के लिए रिश्ता देखना शुरू किया, जिसके बाद उसने प्रेमी से शादी करने की बात कही।मामला थाने पहुंचने के बाद दोनों के परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार दोनों बालिग थे और दोनों की सहमति से विवाह कराने पर सहमति बनी। इसके बाद अंबा के सतबहिनी मंदिर में परिजनों और पुलिस की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी कराई गई। थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि विवाह दोनों की सहमति और परिजनों की मौजूदगी में कराया गया।
औरंगाबाद:पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए कथित हमले के विरोध में समर्थकों का गुस्सा आज सड़कों पर फूट पड़ा. शहर में विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार, केंद्रीय गृह मंत्री और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने रमेश चौक पर पुतला दहन कर घटना की कड़ी निंदा की.औरंगाबाद के गांधी मैदान से शुरू हुआ विरोध मार्च शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए रमेश चौक पहुंचा. इस दौरान पप्पू यादव के समर्थकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए और सांसद की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए. प्रदर्शन के अंत में केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया गया.प्रदर्शन में शामिल देव प्रखंड के दुलारे पंचायत के मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष विजेंद्र यादव ने कहा कि एक सांसद पर खुलेआम हमला होना लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा तक सुनिश्चित नहीं हो पा रही है. विजेंद्र यादव ने कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए. साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं.
औरंगाबाद: किशोरों को सजा देने के बजाय उन्हें सही राह दिखाने वाले बाल सुधार गृह में किशोरों के द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा का सेवन करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. यह वीडियो औरंगाबाद जिले के बाल सुधार गृह(सुरक्षित स्थान) की है. बाल सुधार गृह के अंदर जहां किशोर रहते हैं वहां खुलेआम टीवी चालू कर डांस करने और गांजा का धुआं उड़ाते वीडियो सामने आई है. किशोर सुधार की दीवार के अंदर नशे के धुआँ के साथ मस्ती करने का वीडियो सामने आने के बाद बाल सुधार गृह के अधिकारियों की निगरानी पर सवाल खड़ा करता है.किशोर के हाथों तक मादक पदार्थ गांजा पहुंचा कैसे,किसने सुधारने के बजाय बिगाड़ने का मादक सामग्री पहुंचाई, इस तरह के कई सवाल खड़ा करता है.वायरल वीडियो के बाद मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने बताया कि जो वीडियो मिला है उसका सत्यापन करने के लिए औरंगाबाद एसपी को कमिटी के द्वारा बताया गया है. अगर ऐसी कोई भी संगति पाई जाएगी तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और ऐसा नहीं हो इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट--
औरंगाबाद: बड़ी खबर औरंगाबाद से है जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक पर सवार 2 युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गए. घटना के बाद सदर अस्पताल में इलाज में लापरवाही को लेकर भी सवाल उठे. औरंगाबाद के सांसद अस्पताल पहुंचे और समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए सिविल सर्जन को फोन पर फटकार लगाई.बताया जा रहा है कि नगर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर कामा बिगहा पुल के समीप शनिवार को भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिर.जानकारी के अनुसार,शाहपुर अखाड़ा के समीप रहने वाले तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर दूध लेने के लिए निकले थे. इसी दौरान कामा बिगहा पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया.सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पड़रिया गांव निवासी रामजनम यादव के पुत्र अभय कुमार तथा शाहपुर अखाड़ा निवासी लकी कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल,गया रेफर कर दिया.घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.इधर,हादसे की जानकारी मिलते ही औरंगाबाद के सांसद सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. इस दौरान सांसद ने आरोप लगाया कि यदि घायलों का समय पर और बेहतर इलाज होता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी. अस्पताल की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सांसद ने सिविल सर्जन को फोन कर इलाज में कथित लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाई और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए.इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है,जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद : जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बीपीआरओ का बोर्ड और "बिहार सरकार" लिखी स्कॉर्पियो से शराब बरामद की गई है. पुलिस ने वाहन जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चालक समेत दो आरोपी फरार हो गए. अब सरकारी पदनाम और बोर्ड के दुरुपयोग की भी जांच शुरू कर दी गई है.पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीपीआरओ (प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी) बारुण का बोर्ड लगी एक स्कॉर्पियो से शराब बरामद की है. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मौके से जोकहरी गांव निवासी सूरजभान पासवान को गिरफ्तार किया है. वहीं चालक भावेश चौबे समेत दो लोग पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए.मामले में जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि "बिहार सरकार" लिखी एक स्कॉर्पियो में शराब और शराब के सेवन से जुड़े लोग सवार हैं. सूचना के आधार पर जगदीशपुर गांव के पास घेराबंदी की गई. पुलिस को देखते ही वाहन सवार भागने लगे,लेकिन एक आरोपी को पकड़ लिया गया.वाहन की तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 500 एमएल का एक बीयर कैन बरामद हुआ. इसके बाद शराब और वाहन को जब्त कर थाना लाया गया. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि स्कॉर्पियो भावेश चौबे चला रहा था और उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था,जो मौके से फरार हो गया.पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी,फरार चालक और स्कॉर्पियो के मालिक के खिलाफ बिहार राज्य संशोधित उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट-
औरंगाबाद:बड़ी खबर औरंगाबाद से है जहां पौथू थाना क्षेत्र में कोचिंग से पढ़कर घर लौट रही दो छात्राओं को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया. हादसे में दोनों छात्राओं की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.बताया जा रहा है कि जिले के पौथू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसे में दो छात्राओं की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक छात्राओं की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी मोहम्मद रियाजुद्दीन की 15 वर्षीय पुत्री अफसरी और रुस्तम अली की 15 वर्षीय पुत्री आशिया के रूप में हुई है. दोनों छात्राएं कोचिंग से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई,जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर जा रही दोनों छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दूसरी ने सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया.हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया. घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने ओबरा–पौथू मुख्य मार्ग पर भतारी मोड़ के समीप सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी,पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की.सड़क जाम के कारण ओबरा–पौथू मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट--
औरंगाबाद : बड़ी खबर बिहार के औरंगाबाद से है जहां रफीगंज प्रखंड कासमा थाना क्षेत्र के अरथुआ गांव में पति से विवाद के बाद महिला ने अपनी 2 मासूम बेटियों के साथ पानी से भरे गड्ढे में कूदकर आत्महत्या की . घटना से इलाके में सनसनी है. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई.ग्रामीणों के मुताबिक मृतक महिला का पति शराबी है और अक्सर उसके साथ मारपीट किया करता था. उसकी इस हरकत से थक हारकर सोनिया ने गांव के बाहर पानी से भरे गड्ढे में अपने दो बच्चों को फेंककर खुद भी कूद गई. ग्रामीणों ने सुबह तीनों का शव गड्ढे में पड़ा देखा तब इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इधर घटना के बाद उसका पति फरार हो गया. मृतकों की पहचान टुन्नू रवानी की 30 वर्षीय पत्नी सोनिया देवी तथा उसकी 4 वर्षीय बेटी रानी कुमारी और 3 वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में की गई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट--
औरंगाबाद : कांग्रेस पार्टी ने औरंगाबाद में शनिवार को केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. दानी बिगहा स्थित स्वर्गीय सत्येंद्र नारायण सिन्हा पार्क में आयोजित इस धरने में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरा.जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले आयोजित एक दिवसीय धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. धरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और युवाओं, किसानों तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह ने केंद्र की एनडीए सरकार और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है. पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि ने जनता की कमर तोड़ दी है. उन्होंने आरोप लगाया किNEET पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है. वहीं बढ़ती बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के कारण युवाओं में निराशा का माहौल है. उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार देने में विफल साबित हुई है और जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है.धरना में शामिल नेताओं ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच हो, महंगाई पर नियंत्रण किया जाए, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जाए. कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट
गोपालगंज: बड़ी खबर गोपालगंज से हैजहां चर्चित कृष्णा सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.बताया जा रहा है जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के हथुआ- कुसौधी मुख्य मार्ग पर विगत 23 मार्च को हुई कृष्णा सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है. इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के उद्भेदन के लिए एसपी के निर्देश पर हथुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम, यानी SIT का गठन किया गया था. SIT टीम ने इस मामले की गहन जांच करते हुए CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय स्रोतों का सहारा लिया. लगातार जांच और विश्लेषण के बाद जो तथ्य सामने आए, वे बेहद चौंकाने वाले हैं. जांच में खुलासा हुआ है कि कृष्णा सिंह की हत्या एक सुनियोजित आपराधिक साजिश के तहत की गई थी. इस साजिश के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की सुपारी तय की गई थी.साजिशकर्ताओं ने आपस में संपर्क स्थापित कर शूटरों की व्यवस्था की और घटना से पहले इलाके की रेकी भी की गई थी. इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने घटना में शामिल 5 आरोपियों को पकड़ा है. गिरफ्तार अभियुक्तों में शमशाद अली, सुनील सिंह, मुकेश कुमार शर्मा जो कि इस वारदात का मुख्य शूटर बताया जा रहा है, जयप्रकाश राम और अजीत कुमार गुप्ता शामिल हैं.पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और 5 मोबाइल बरामद किए हैं. इसके साथ ही तकनीकी जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की भी पहचान की गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है. फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस पूरे आपराधिक गिरोह का पूरी तरह से पर्दाफाश कर दिया जाएगा. तो गोपालगंज हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी सामने आई है, लेकिन अभी भी कई अहम कड़ियां जुड़नी बाकी हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है. गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--
औरंगाबाद: इस वक्त की बड़ी खबर औरंगाबाद से हैजहां भीषण सड़क हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हो गए. तेज रफ्तार हाइवा और यात्री बस की आमने-सामने टक्कर होने से हादसा हो गया. हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से जख्मी हुए.बताया जा रहा है कि जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के सुही मोड़ के पास अंबा-नबीनगर रोड पर तेज रफ्तार हाइवा ने सामने से आ रही यात्री बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया.बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 से अधिक यात्री सवार थे,जो औरंगाबाद से अंबा होते हुए नबीनगर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सुही मोड़ के पास यह हादसा हुआ.इस हादसे में करीब 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. घायलों में अंकोड़ा गांव निवासी प्रमोद साव (80),अंजली कुमारी (20),बेबी कुमारी (18),अंशु कुमारी,सौरभ कुमार (40),मंजू देवी (40),निक्की देवी समेत कई अन्य लोग शामिल हैं.इसके अलावा प्रिंस कुमार (18),नेहा कुमारी (18),शंकर पासवान (45),राजू कुमार (19),हिना परवीन (18) भी घायल बताए जा रहे हैं. अन्य घायलों की पहचान अभी नहीं हो सकी है.हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत कुटुंबा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उनका इलाज जारी है.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट—
औरंगाबाद : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के औरंगाबाद से है जहां रामनवमी पर्व के बीच जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां पारिवारिक विवाद में एक ही परिवार के 3 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. वहीं 1 व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी है और गांव में मातम का माहौल है.प्राप्त जानकारी के अनुसारआपसी विवाद के कारण इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया. परिवार के 3 व्यक्तियों की हत्या कर दी गई. मृतकों में परिवार के पुरुष,महिला और बच्चों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. हमले में 1 व्यक्ति गंभीर रुप से घायल है जिसे पटना के लिए रेफर कर दिया गया है. घटना इतनी भयावह है कि जिसने भी देखा,उसकी रूह कांप उठी.घटना की सूचना मिलते ही हसपुरा थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया. पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में है. साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच तेज कर दी गई है.प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है.औरंगाबाद से मंटू कुमार की रिपोर्ट--
औरंगाबाद : बड़ी खबर औरंगाबाद से है जहां चैती छठ के लिए देव जा रहे श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार करीब 25 लोग घायल हो गए, जबकि एंबुलेंस में सवार 5 लोग भी जख्मी बताए जा रहे हैं.प्राप्त जानकारी के अनुसार ओबरा प्रखंड के सरसौली गांव से एक ही परिवार के लगभग 25 लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर सूर्य नगरी देव में चैती छठ पूजा करने जा रहे थे. इसी दौरान शहर के फार्म के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी,जिससे ट्रैक्टर पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया. चिकित्सकों ने तीन लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है,जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है.घायलों में अनीता देवी,सतीश कुमार,विकास कुमार,अभिषेक कुमार,बोधी प्रिया,अवधेश कुमार,फटनराम,मुन्ना ठाकुर,सत्येंद्र राम,सदन कुमार,दीपक कुमार,संदीप कुमार,अलकारिया देवी,खुशी कुमारी,धनकेश कुमार,पवन कुमार,पसुरेश राम समेत अन्य शामिल हैं.परिजनों ने बताया कि जिस एंबुलेंस से टक्कर हुई,उसमें एक शव को झारखंड के कोडरमा ले जाया जा रहा था. हादसे के बाद एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया,जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है.वहीं,सदर अस्पताल में इलाज को लेकर भी घायलों और उनके परिजनों ने नाराजगी जताई है. समुचित इलाज नहीं मिलने के आरोप लगाते हुए कुछ लोग डीएम आवास का घेराव करने की तैयारी में थे.इधर,घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पलटे ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाना ले गई है. फरार एंबुलेंस चालक की तलाश जारी है.औरंगाबाद से मंटू कुमार की रिपोर्ट--
औरंगाबाद:बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमारने शुक्रवार को औरंगाबाद के बारुण प्रखंड क्षेत्र क़े मुंशी बिगहा में आयोजित समृद्धि यात्रा में जिले को बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री ने 678 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. समृद्धि यात्रा के तहत शुक्रवार को औरंगाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लोगों ने जोरदार स्वागत किया. इस दौरान बारुण प्रखंड के कार्यक्रम स्थल पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने कुल 678 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया,जिसमें सड़क निर्माण,पेयजल,स्वास्थ्य,शिक्षा और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई परियोजनाएं शामिल है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के हर जिले का संतुलित विकास करना है और औरंगाबाद को विकास की मुख्यधारा में आगे लाना है.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट—
औरंगाबाद : बड़ी खबर बिहार के औरंगाबाद से है जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास शादी से लौट रहे एक परिवार की स्कॉर्पियो ट्रक से टकरा गई. हादसे में 2 व्यक्तियों की मौत हो गई. वहीं 7 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप परिवार के 10 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होकर धनबाद लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से वाहन की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही तेज नारायण गुप्ता और विकास कुमार चौहान की मौत हो गई. हादसे में चालक समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों में कुछ लोग बोकारो जिले के कुम्हारी क्षेत्र के बताए जा रहे हैं. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.बताया जा रहा है कि सभी लोग उत्तर प्रदेश के बलिया में रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने गए थे. शादी के बाद घर लौटते वक्त यह हादसा हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है,जिससे वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ा.इसी दौरान जिला परिषद की बैठक से लौट रहे जिला पार्षद सदस्य शंकर यादव ने घायलों को सड़क किनारे तड़पते देखा और तत्काल उन्हें अस्पताल भिजवाया. उन्होंने एंबुलेंस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय पर मदद न मिलने से गंभीर मरीजों को परेशानी होती है.पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट—
औरंगाबाद: बड़ी खबर बिहार के औरंगाबाद से है जहां अंबा थाना क्षेत्र के गंगतुआ गांव के पास भटकुर मोड़ पर सड़क धंसने से एक हाइवा पलट गया और झोपड़ी में सो रही दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई.बताया जा रहा है कि औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र के गंगतुआ गांव के समीप भटकुर मोड़ पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब सड़क निर्माण में लगा एक हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर पलट गया जिससे झोपड़ी में सो रही दो मासूम सगी बहने प्रियंका उर्फ रिद्धि (6 वर्ष) और प्रीति उर्फ सिद्धि (3 वर्ष) मलबे के नीचे दब गई. इसके बाद परिजन और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से हाइवा को हटाया गया, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी. वहीं हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. दोनों बच्चियां रामपुर गांव निवासी उदय यादव की बेटियां थीं. उदय यादव मेहनत-मजदूरी और खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. उन्होंने पशुओं को रखने और खेती के काम के लिए सड़क किनारे झोपड़ी बना रखी थी, जहां दोनों बहनें सो रही थी.ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और चालक व निर्माण एजेंसी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट—
औरंगाबाद: बड़ी खबरऔरंगाबाद से है जहां व्यवहार न्यायालय परिसर में बम होने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई. जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश आने के बाद तत्काल सुरक्षा के मद्देनज़र कोर्ट परिसर को खाली कराया गया है. इस मौके पर पुलिस और बम निरोधक दस्ता पहुंची.जांच के बाद प्रधान जिला जज ने मीडिया को पूरी जानकारी दी. व्यवहार न्यायालय औरंगाबाद में बम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया.सूचना के बाद एहतियातन न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं,कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकाल दिया गया है.नगर थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. बम निरोधक दस्ता द्वारा पूरे परिसर की सघन जांच की गई.पुलिस जांच के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव रंजन कुमार ने मीडिया को संबोधित करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी. “न्यायालय परिसर की सुरक्षा सर्वोपरि है. सूचना मिलते ही एहतियातन कोर्ट खाली कराया गया है और पुलिस द्वारा पूरी जांच कराई गई.पुलिस और जिला प्रशासन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया. प्रधान जिला जज के बयान के बाद कोर्ट परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है.औरंगाबाद से मंटू कुमार की रिपोर्ट--
औरंगाबाद : बिहार की मंत्री श्रेयसी सिंह गुरुवार को औरंगाबाद पहुंची. औरंगाबाद पहुंचने के बाद उन्होंने पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह के आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इस दौरान खेल और युवाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई.मुलाकात के दौरान जब उनसे यह सवाल पूछा गया कि बिहार में खेल को आगे कैसे बढ़ाया जाएगा,तो मंत्री श्रेयसी सिंह ने इस पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि“बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. सरकार का उद्देश्य है कि गांव-गांव से खिलाड़ियों को आगे लाया जाए. खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है और आने वाले समय में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.”उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को खेल के माध्यम से रोजगार और पहचान दिलाने के लिए सरकार गंभीर है. राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ खेल को कैरियर के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है.मंत्री के इस बयान से औरंगाबाद समेत पूरे बिहार के खेल प्रेमियों और युवाओं में नई उम्मीद जगी है.औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट--
औरंगाबाद : पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश रविवार देर शाम दो दिवसीय दौरे पर औरंगाबाद पहुंचे. दाउदनगर के ठाकुर बिगहा से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया. इसके बाद मंत्री सीधे ओबरा प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का औचक निरीक्षण किया.मंत्री ने रात में टॉर्च की रोशनी में निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और तय मानकों के अनुसार ही कार्य पूरा कराया जाए.मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि वे पूरे राज्य का भ्रमण कर अधूरी और प्रगतिरत योजनाओं की जमीनी हकीकत जान रहे हैं. इसी क्रम में औरंगाबाद पहुंचे हैं, ताकि पंचायत सरकार भवन सहित अन्य योजनाओं की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जा सके. उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन की रीढ़ है, जहां आम लोगों को एक ही परिसर में कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इसलिए इसका निर्माण मजबूत, टिकाऊ और समय-सीमा के भीतर पूरा होना जरूरी है.इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने और किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.वहीं जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर मंत्री दीपक प्रकाश ने अहम बयान दिया. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पूर्व में जनप्रतिनिधियों को सुरक्षा के लिए हथियार लाइसेंस देने की घोषणा की गई थी. अब इस दिशा में विभागीय प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है. जो जनप्रतिनिधि इसके योग्य हैं और जिन्हें सुरक्षा की आवश्यकता है,उनके आवेदनों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार उन्हें लाइसेंस उपलब्ध कराया जाएगा.मंत्री दीपक प्रकाश रविवार को अरवल होते हुए औरंगाबाद पहुंचे थे. ओबरा में निरीक्षण के बाद वे सर्किट हाउस पहुंचे,जहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इसके बाद टेंगरा में रात्रि भोज कार्यक्रम में शामिल हुए.