दर्दनाक सड़क हादसा : औरंगाबाद में स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 2 छात्राओं की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
औरंगाबाद:बड़ी खबर औरंगाबाद से है जहां पौथू थाना क्षेत्र में कोचिंग से पढ़कर घर लौट रही दो छात्राओं को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया. हादसे में दोनों छात्राओं की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.
बताया जा रहा है कि जिले के पौथू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसे में दो छात्राओं की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक छात्राओं की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी मोहम्मद रियाजुद्दीन की 15 वर्षीय पुत्री अफसरी और रुस्तम अली की 15 वर्षीय पुत्री आशिया के रूप में हुई है. दोनों छात्राएं कोचिंग से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई,जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर जा रही दोनों छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दूसरी ने सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया. घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने ओबरा–पौथू मुख्य मार्ग पर भतारी मोड़ के समीप सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी,पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की.
सड़क जाम के कारण ओबरा–पौथू मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया.
औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट--





