BIG BREAKING : गोपालगंज में कृष्णा सिंह मर्डर केस में बड़ा खुलासा, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
गोपालगंज: बड़ी खबर गोपालगंज से हैजहां चर्चित कृष्णा सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जा रहा है जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के हथुआ- कुसौधी मुख्य मार्ग पर विगत 23 मार्च को हुई कृष्णा सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है. इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के उद्भेदन के लिए एसपी के निर्देश पर हथुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम, यानी SIT का गठन किया गया था. SIT टीम ने इस मामले की गहन जांच करते हुए CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय स्रोतों का सहारा लिया. लगातार जांच और विश्लेषण के बाद जो तथ्य सामने आए, वे बेहद चौंकाने वाले हैं. जांच में खुलासा हुआ है कि कृष्णा सिंह की हत्या एक सुनियोजित आपराधिक साजिश के तहत की गई थी. इस साजिश के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की सुपारी तय की गई थी.
साजिशकर्ताओं ने आपस में संपर्क स्थापित कर शूटरों की व्यवस्था की और घटना से पहले इलाके की रेकी भी की गई थी. इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने घटना में शामिल 5 आरोपियों को पकड़ा है. गिरफ्तार अभियुक्तों में शमशाद अली, सुनील सिंह, मुकेश कुमार शर्मा जो कि इस वारदात का मुख्य शूटर बताया जा रहा है, जयप्रकाश राम और अजीत कुमार गुप्ता शामिल हैं.
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और 5 मोबाइल बरामद किए हैं. इसके साथ ही तकनीकी जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की भी पहचान की गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है. फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस पूरे आपराधिक गिरोह का पूरी तरह से पर्दाफाश कर दिया जाएगा. तो गोपालगंज हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी सामने आई है, लेकिन अभी भी कई अहम कड़ियां जुड़नी बाकी हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--





