राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 की तैयारियों को लेकर केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक
पटना : राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के आयोजन की तैयारियों एवं युवा-केंद्रित विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर मंगलवार को खेल विभाग, बिहार सरकार में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई. बैठक में बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह एवं खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद सहित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में राष्ट्रीय खेल दिवस के माध्यम से देशभर के युवाओं को खेल, सकारात्मक सोच, चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया. युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करने तथा उन्हें खेल एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में Viksit Bharat Young Leaders Dialogue (VBYLD)-2026 में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, राज्य स्तर पर कार्यक्रम की व्यापक पहुंच बनाने तथा जिला एवं राज्य स्तर के पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रमों का स्वामित्व लेकर प्रभावी क्रियान्वयन करने पर बल दिया गया. इसके तहत युवाओं को जोड़ने के लिए My Bharat Registration को भी व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की बात कही गई.Viksit Bharat Challenge के तहत बिहार को Ganga Growth Belt क्षेत्र में शामिल किया गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश एवं बिहार के साथ जनसांख्यिकीय लाभांश, मानव पूंजी विकास एवं युवा विकास से जुड़े विषयों पर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. क्विज, निबंध, जिला चैंपियनशिप, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एवं राष्ट्रीय संवाद के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा.बैठक में Khelo India Samvaad को भी महत्वपूर्ण पहल के रूप में शामिल किया गया. इसके तहत प्रख्यात खिलाड़ियों एवं युवा आइकन के साथ युवाओं का संवाद कराया जाएगा, जिसमें खिलाड़ी अपने अनुभव साझा करेंगे तथा युवाओं से खेल, युवा विकास एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचार एवं सुझाव प्राप्त किए जाएंगे. इन संवादों से प्राप्त महत्वपूर्ण विचारों को संकलित कर आगे की कार्ययोजना में शामिल करने पर भी चर्चा हुई.कार्यक्रमों में युवा स्वयंसेवकों की अधिकतम भागीदारी, जिला एवं राज्य स्तर के युवा पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका तथा स्थानीय स्तर पर युवाओं से निरंतर संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया. इसके साथ ही युवाओं को नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली एवं सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने के लिए विशेष गतिविधियां संचालित करने तथा राष्ट्रीय खेल दिवस के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया. क्विज एवं अन्य युवा-केंद्रित गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श हुआ.बैठक में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की मिनट-टू-मिनट रूपरेखा पर भी चर्चा की गई. इसके अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन, Khelo India Samvaad, युवा संवाद, नशा मुक्ति की शपथ एवं राष्ट्रीय गान सहित विभिन्न कार्यक्रमों को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप आयोजित करने की योजना है.राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के माध्यम से युवाओं को खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व, सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. बिहार में भी इन कार्यक्रमों में अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही है.पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
MADAN KISHORE JHA·