रांची:दुर्गापूजा के बाद समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में सोमवार को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने एक-एक कर आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जनता दरबार में राजस्व, जमीन संबंधी विवाद, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन रसीद, पंजी-2 में सुधार, पेंशन भुगतान एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित मामले सामने आए। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्र ने स्पष्ट किया कि आमजनों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी संबंधित पदाधिकारी जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करें।
90 प्रतिशत दिव्यांग कुलवंश कुमार महतो को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल, चेहरे पर लौटी खुशी
जनता दरबार के दौरान ओरमांझी प्रखंड के बारीडीह निवासी 90 प्रतिशत दिव्यांग कुलवंश कुमार महतो को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। जिला प्रशासन की इस त्वरित पहल से उन्हें आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ-साथ दैनिक जीवन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहायता मिली। इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्राप्त होने पर कुलवंश कुमार महतो ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
उन्होंने भावुक होकर कहा, “मैंने यूट्यूब में देखा था कि आप हम जैसे लोगों की बहुत मदद करते हैं। आज जब हम डीसी साहब के जनता दरबार में आए, तो हमें निराश होकर वापस नहीं जाना पड़ा। जैसा सोचे थे, वैसा ही हमारा काम हो गया। आपके जैसा हर जिले में डीसी रहे तो हम जैसों को सोचना नहीं पड़ेगा।” कुलवंश महतो ने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
विशेष गहन पुनरीक्षण के साथ राजस्व संबंधी कार्यों के निष्पादन का निर्देश
जनता दरबार में आमजनों की सुविधा और राजस्व संबंधी मामलों के समयबद्ध निष्पादन को लेकर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों के साथ-साथ राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों का भी नियमित रूप से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लंबित मामलों की समीक्षा करें, आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करें तथा आमजनों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दें।
दाखिल-खारिज, अवैध कब्जा, ऑनलाइन रसीद एवं पंजी-2 में सुधार के आवेदन प्राप्त
जनता दरबार में जमीन से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। इनमें दाखिल-खारिज, जमीन पर अवैध कब्जा हटाने, ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत करने तथा पंजी-2 में त्रुटियों के सुधार से संबंधित मामले प्रमुख रहे। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित करते हुए मामलों का नियमानुसार यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
अरगोड़ा अंचल कर्मचारी की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहुंचे राजस्व कर्मचारी
जनता दरबार के दौरान जिले के विभिन्न अंचलों में कार्यरत राजस्व कर्मचारियों ने अरगोड़ा अंचल के कर्मचारी स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण मुण्डा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारियों ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग रखी। इस पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आश्वस्त किया कि पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन लक्ष्मी नारायण मुण्डा के आश्रितों के प्रति संवेदनशील है तथा उन्हें नियमानुसार देय सभी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन में अनियमितता की शिकायत, जांच के निर्देश
जनता दरबार में आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन में अनियमितता से संबंधित शिकायत भी प्राप्त हुई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया कि शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की निष्पक्षता एवं नियमानुसार जांच की जाए तथा जांच में जो तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएं।
जनता दरबार में वृद्धा पेंशन की राशि का भुगतान लंबित रहने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। आवेदकों ने पेंशन राशि का भुगतान नहीं होने के कारण हो रही परेशानी से जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को अवगत कराया। इस पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आवेदकों को जानकारी दी कि केंद्र सरकार से पेंशन की राशि प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन राशि का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेंशन से जुड़े मामलों पर आवश्यक समन्वय बनाए रखने तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के लिए तत्परता से कार्य करने पर जोर दिया।
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट

