छत पर सोलर पैनल, बिजली बिल की चिंता खत्म! उमा और रीना ने बताई अपनी कहानी
पटना/ पूर्णिया : बिहार में सौर ऊर्जा का उपयोग तेजी से महत्वपूर्ण हो रहा है. देश की ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए सौर ऊर्जा एक महत्वपूर्ण विकल्प है. ऐसे में घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली की जरूरतें पूरी करना और बिजली बिल में बचत करना उपयोगी साबित हो रहा है.पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना भारत सरकार की एक प्रमुख रूफटॉप सोलर योजना है. इसका उद्देश्य घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर परिवारों को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है. बिहार में भी इस योजना का लाभ लोगों को मिल रहा है.इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिल सकता है. सोलर पैनल लगवाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी भी दी जाती है. एक किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर 30,000 रुपये, दो किलोवाट पर 60,000 रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के प्लांट पर अधिकतम 78,000 रुपये की सब्सिडी का प्रावधान है. वहीं, नेट मीटरिंग की सुविधा के तहत अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजने का विकल्प भी मिलता है.उमा और रानी की जुबानीबिहार में रूफटॉप सोलर योजना का लाभ उठाकर लोग अपने बिजली बिल में बचत कर रहे हैं. घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगने से उनकी बिजली की जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है. इसी कड़ी में आइए, समस्तीपुर के आजाद नगर, मोहनपुर रोड की रहने वाली उमा कुमारी की कहानी जानते हैं. उन्होंने अपने घर की छत पर तीन किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगवाया है.उमा कुमारी बताती हैं, "मैंने अपने घर की छत पर तीन किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया है. इसे लगवाने में बिजली विभाग की ओर से मुझे काफी सहयोग मिला. विभाग की तत्परता से सोलर प्लांट भी जल्द लग गया. प्लांट लगने के लगभग 15 दिन बाद ही मुझे सब्सिडी की राशि मिल गई. मुझे बहुत खुशी हुई कि मैंने सोलर पैनल लगवाया और उसकी सब्सिडी भी मिल गई." वह आगे बताती हैं, "पहले मुझे बिजली बिल के रूप में 240 रुपये फिक्स चार्ज देना पड़ता था. लेकिन मुख्यमंत्री की ओर से 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा के बाद से मेरा बिजली बिल शून्य हो गया. इसके बाद मुझे जानकारी मिली कि मुख्यमंत्री बिजली योजना के तहत मुझे 20,000 रुपये की सब्सिडी भी मिलेगी. यह सब्सिडी भी मुझे मिल गई. इससे मुझे बहुत खुशी हुई, जिसकी कोई सीमा नहीं है."सोलर पैनल लगवाने से बिजली बिल में बचत का अनुभव पूर्णिया की रहने वाली रीना कुमारी को भी हुआ है. उनका बिजली बिल अब शून्य आ रहा है. उन्हें सोलर प्लांट पर 98,000 रुपये की सब्सिडी भी मिली है.रीना कुमारी बताती हैं, "जब से मेरे घर में सोलर पैनल लगे हैं, तब से घर के सभी बिजली उपकरण चल रहे हैं. मुझे 98,000 रुपये की सब्सिडी मिली है. सोलर पैनल लगवाने से मुझे बहुत फायदा हुआ है. पहले मेरे घर का बिजली बिल 1,500 से 2,000 रुपये तक आता था, लेकिन अब मेरा बिजली बिल शून्य आ रहा है. बिजली उपभोक्ताओं के लिए इतना बड़ा कदम उठाने और घर-घर सोलर पैनल लगवाने के लिए मैं बिहार सरकार को धन्यवाद देती हूं. इसके लिए बहुत-बहुत आभार."
