वैशाली में बड़ा हादसा : निर्माणाधीन फोरलेन पुल का स्ट्रक्चर गिरने पर 7 मजदूर घायल,1 मलबे में दबा
वैशाली: जिले के लालगंज प्रखंड स्थित जलालपुर गांव में गुरुवार को निर्माणाधीन फोरलेन पुल का स्ट्रक्चर अचानक धराशायी हो गया। हादसे में करीब 5 से 7 मजदूरों के घायल होने की सूचना है। वहीं एक मजदूर लोहे के भारी ढांचे के नीचे दब गया, जिसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रशासनिक मदद पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने खुद राहत-बचाव में सहयोग किया और मलबे में फंसे मजदूर को पानी पिलाकर होश में रखने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर हमला बोला। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बिहार में फिर एक पुल गिरा है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि वैशाली में भ्रष्टाचार के बोझ से निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना सामने आई है और कई मजदूर दबे तथा घायल हुए हैं।
तेजस्वी यादव ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री, खराब गुणवत्ता और मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में जांच और निगरानी को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।तेजस्वी ने आरोप लगाया कि लगातार पुल गिरने की घटनाओं के पीछे भ्रष्टाचार और लापरवाही जिम्मेदार हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हादसे के बाद प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान चलाया गया। घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रशासनिक स्तर पर निर्माणाधीन पुल की सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर भी जांच की जा सकती है। हादसे ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट





