वैशाली : नशे की लत में फंसे नाबालिग बच्चों पर दोस्त के अपहरण की आशंका,पहले मिल चुकी जान से मारने की धमकी
वैशाली:बिहार में शराबबंदी और नशा मुक्ति अभियान के दावों के बीच एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां नशे की लत में फंसे नाबालिग बच्चों पर अपने ही दोस्त के अपहरण की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि 13 वर्षीय बच्चा दोस्तों के साथ खेलने निकला था,लेकिन वापस घरनहीं लौटा. परिजनों ने दोस्तों पर अपहरण कर हत्या की आशंका जताते हुए थाना में आवेदन दिया है. मां का रो-रोकर बुरा हाल है.
मामला जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के शाहदुल्लाहपुर गांव का है. 23 मई को 13 वर्षीय मो.शाहिद अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था. उसके साथ गए बाकी बच्चे घर लौट आए, लेकिन शाहिद देर शाम तक वापस नहीं पहुंचा.
परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला.इसके बाद शाहिद की मां खुशबू खातून ने लालगंज थाना में आवेदन देकर बेटे के अपहरण की आशंका जताई है.
गायब बच्चे की मां का आरोप है कि शाहिद के साथ रहने वाले कुछ लड़के नशा करते थे और नशा करने के लिए अक्सर उससे पैसे मांगते थे. परिवार वालों के मुताबिक शाहिद पहले भी घर से पैसे चोरी कर अपने दोस्तों को देता था, ताकि वे नशा कर सके.
परिजनों ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले आरोपित लड़कों ने शाहिद को जान से मारने की धमकी दी थी. ऐसे में परिवार को आशंका है कि नशे और पैसों के विवाद में उसके बेटे का अपहरण कर लिया गया है या उसके साथ अप्रिय घटना हो चुकी है.
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं एसडीपीओ गोपाल मंडल, लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच में जुट गई है और बच्चे की तलाश की जा रही है.
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर नशा मुक्त बिहार के दावों के बीच नशे का जहर अब नाबालिग बच्चों तक कैसे पहुंच रहा है? और अगर बच्चे ही नशे की गिरफ्त में हैं तो समाज का भविष्य कितना सुरक्षित है? फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और परिवार को शाहिद के सकुशल लौटने का इंतजार है.





