PATNA : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन पर दिए गये विवादित बयान के बाद सियासी बवाल मचा हुआ है। बिहार में भी विरोधी दल लगातार हमलावर हो रहे हैं और निशाना साध रहे हैं। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने उदयनिधि के बयान को लेकर I.N.D.I.A गठबंधन पर सीधा हमला किया है और तीखे सवाल पूछे हैं।
I.N.D.I.A गठबंधन पर बरसे सम्राट चौधरी
I.N.D.I.A गठबंधन पर बरसते हुए बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि देश से सनातन धर्म को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। उदयनिधि के बयान पर आखिरकार नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू, आरजेडी और कांग्रेस क्यों नहीं बोलती है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के बेटे के बयान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, नीतीश कुमार और लालू प्रसाद को बतानाा चाहिए कि वे इस बयान से सहमत है या नहीं।
"जातीय गणना की रिपोर्ट कब होगी जारी?"
वहीं, जातीय गणना के मुद्दे पर सम्राट चौधरी ने हुंकार भरते हुए कहा कि जेडीयू द्वारा लगातार प्रोपेगैंडा फैलाया जा रहा है कि बीजेपी जातीय गणना के विरोध में है, जो सही नहीं है। नीतीश कुमार ये बताएं कि जातीय गणना की रिपोर्ट कब जारी होगी। जातीय गणना का रिपोर्ट नीतीश कुमार दबाकर बैठे हैं। उन्हें जल्द जारी करनी चाहिए। सवर्ण आयोग, अतिपिछड़ा आयोग की रिपोर्ट अबतक जारी नहीं हुई है। देश में अब तुष्टिकरण की राजनीति नहीं चलने वाली है।
ललन सिंह पर लाल हुए सम्राट
वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह पर हमला बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस पार्टी की सियासी हैसियत 43 सीटों की हो, वो चीन की बात कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चीन आपका सब्जेक्ट नहीं है...बिहार की बात कीजिए। बालू माफिया और शराब माफिया को देखिए। चाइना वाली पार्टी और मुड़ीकटवा पार्टी से आपका समझौता है।
"लालू का काम अब खाना बनाना और नाच देखना"
इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने हल्ला बोलते हुए कहा कि मणिपुर की घटना पर हो-हल्ला मचाने वाले राजस्थान और बिहार के बेगूसराय की घटना पर खामोशी की चादर क्यों ओढ़ लेते हैं? इसके साथ ही आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछड़े और दलित को लालू प्रसाद ने लूटा है। लालू प्रसाद का अब पॉलिटिकल काम खाना बनाना और नाच देखना रह गया है।
"नीतीश ही फंसाते और बचाते हैं"
वहीं, I.N.D.I.A गठबंधन पर बरसते हुए बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि नये संसद का विरोध आरजडी, कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन के लोगों ने किया है। ब्लैकमेल कर जेडीयू ने लालू प्रसाद से समझौता किया है। लालू प्रसाद को जेडीयू के नेता और नीतीश कुमार ही फंसाते और बचाते हैं।

