बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रधानमंत्री के 21 नवंबर को बिहार दौरे और एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के कार्यक्रम को लेकर तेजस्वी ने कई सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित बनाना, सम्मान दिलाना और अपराध मुक्त करना उनका सपना है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता बाढ़, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से परेशान है। ऐसे में प्रधानमंत्री के फीता काटने से जनता को कोई राहत नहीं मिलने वाली है। उन्होंने दावा किया कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करने प्रधानमंत्री आ रहे हैं, उनकी शुरुआत महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में हुई थी।

कच्ची दरगाह-सिक्सलेन पुल का जिक्र करते हुए तेजस्वी ने कहा कि जब वे उपमुख्यमंत्री थे, तब उनके पास पथ निर्माण विभाग था और उस समय इस परियोजना का शिलान्यास किया गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि इस परियोजना में भाजपा और प्रधानमंत्री का क्या योगदान है। नौकरी के मुद्दे पर तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन सरकार के दौरान पांच लाख नौकरियां दी गई थीं, जबकि वर्तमान सरकार रोजगार के मोर्चे पर अपेक्षित काम नहीं कर पा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'दिमागी नक्सली' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने हाथ जोड़कर कहा कि प्रधानमंत्री का यह तीसरा कार्यकाल है। अगर इस दौरान बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार खत्म कर दिए होते, तो आज जिन्हें आप दिमागी नक्सली कह रहे हैं, वे आपसे सवाल नहीं पूछते। तेजस्वी ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना जनता का अधिकार है। उन्होंने बिहार सरकार और केंद्र सरकार को जनहित के मुद्दों पर जवाब देने की चुनौती दी।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट