PATNA : आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी ने कमर कस ली है। दूसरे दिन भी राष्ट्रीय जनता दल संगठन की अहम बैठक शुरू हो गयी है। तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों पर महामंथन हो रहा है।
तेजस्वी की दूसरे दिन भी मैराथन बैठक
तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर दूसरे दिन दक्षिण बिहार के संगठन के साथ खास मीटिंग हो रही है। सोमवार को भागलपुर, मुंगेर, मगध, पटना कमिश्नरी संगठन की बैठक में इस क्षेत्र से जुड़े पार्टी के विधायक, मंत्री, पूर्व प्रत्याशी शामिल हो रहे हैं। चुनाव की तैयारी को लेकर संगठन किसी तरह से कमजोर नहीं हो, इसको लेकर बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की बड़ी तैयारी चल रही है। जिन-जिन इलाकों में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत नहीं हैं, वहां के लिए रणनीति बनायी जा रही है। इस महीने तक बूथों तक के संगठन को मजबूत बना लेने का लक्ष्य है।
बूथ लेवल पर आरजेडी का खास फोकस
आरजेडी की बूथ लेवल पर भी खास तैयारी हो रही है। बूथ लेवल पर 15 सदस्यीय कमेटी ज्यादातर जगहों पर बन गई है। इसमें आरजेडी की ओर से निर्देश है कि जातियों के समीकरण पर भी क्षेत्र के हिसाब से फोकस किया जाए। इस बात पर भी तेजस्वी यादव का फोकस है कि जिलाध्यक्षों को मंत्री या विधायक महत्व दें। उन पर संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी है।
लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी की विशेष नजर उस बात पर है, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कहते रहे हैं कि चुनाव समय से पहले भी हो सकते हैं। बीजेपी वन नेशन-वन इलेक्शन की बात करती रही है। संसद का विशेष सत्र भी होना है।
