धनबाद:शहर के न्यू टाउन हॉल में बुधवार को स्वच्छ वायु दिवस-2026 का आयोजन किया गया. स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में धनबाद ने देशभर में 18वां स्थान हासिल किया है. पिछले वर्ष के मुकाबले जिले ने 11 पायदान की छलांग लगाई है. वहीं, झारखंड के 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में धनबाद शीर्ष स्थान पर रहा है. कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक, पुलिस, नगर निगम, वैज्ञानिक और खनन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.

कोयला ढुलाई वाले मार्गों और माइनिंग क्षेत्रों में धूल नियंत्रण के लिए वाटर स्प्रिंकलर और फॉग कैनन का दायरा बढ़ाया जाएगा. कोयला लदे ट्रकों और ट्रॉलियों को पूरी तरह तिरपाल से ढकना अनिवार्य होगा. नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर मैकेनिकल स्वीपर से नियमित सफाई की जाएगी. सड़कों के किनारे कच्ची मिट्टी को पक्का करने और बीसीसीएल के ओबी डंप पर सघन पौधारोपण करने का निर्देश दिया गया है.

शहर के प्रवेश द्वारों और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास ग्रीन बफर जोन बनाने, प्रदूषण हॉटस्पॉट पर रीयल-टाइम एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन बढ़ाने और खुले में कचरा जलाने पर भारी जुर्माने की नीति पर भी सहमति बनी. स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भूली के वार्ड 15 को सबसे स्वच्छ वार्ड चुना गया है. भूली मॉडल की सफाई और वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को अन्य वार्डों में लागू किया जाएगा.

नगर आयुक्त ने कहा कि सड़कों के आसपास पेड़ लगाए जा रहे हैं और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है. सूखने वाले पौधों को रिप्लेस किया जा रहा है.

कार्यक्रम में धनबाद नगर आयुक्त आशीष गंगवार, एसएसपी प्रभात कुमार, एसपी सिटी, ग्रामीण एसपी, एसडीएम, एसडीओ, डीएफओ, सीएसआईआर-सीआईएमएफआर के निदेशक और बीसीसीएल के जीएम समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में कोयलांचल क्षेत्र की वायु गुणवत्ता को और बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण रणनीतियों पर चर्चा हुई.