PATNA :बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा दिए गये एक और बयान के बाद सूबे का सियासी पारा गरमा गया है। गुरुवार को बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी पर आगबबूला हो गये। इस दौरान तमतमाए सीएम नीतीश ने कुछ ऐसा कहा कि बिहार की सियासत एकबार फिर गरमा गयी। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बचाव में उतर पड़े हैं।
CM नीतीश के बचाव में उतरे तेजस्वी यादव
बिहार विधानसभा में हुए इस पूरे प्रकरण के बाद अब तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बचाव में उतर पड़े हैं। इस पूरे मामले पर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि राजनीति में लोग एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहते हैं। नीतीश कुमार ने मांझी जी को बिहार का सीएम बनाया था और उनके बेटे को भी मंत्री बनाने का काम किया था। यही बात वो सदन में भी कह रहे थे, उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा है।
मुख्यमंत्री ने नहीं कहा कुछ ग़लत
इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने कहा कि इस ऐतिहासिक दिन पर बीजेपी इस बात को लेकर बवाल कर रही है। भाजपा पूरे मुद्दे को ही भटकाने में लगी है। देश के इतिहास में पहली बार 75 फीसदी आरक्षण पारित किया गया। आरक्षण का दायरा बढ़ाया गया, यह ऐतिहासिक काम किया गया। बीजेपी नहीं चाहती है कि इस तरह की खबरें जनता के बीच पहुंचे।
राजनीति में लगते रहते हैं आरोप-प्रत्यारोप
इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने कहा कि जनता के प्रति जो हमलोगों का प्रण था, उसे हमने पूरा किया है। मुख्यमंत्री जी की जुबां से दलित विरोधी शब्द नहीं निकला है। ऐसी भाषा तो भाजपा में ही देखने को मिलती है। हमारे पिता और परिवार के बारे में भारतीय जनता पार्टी के बड़े-बड़े नेता अभ्रद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, वो छिपाने वाली बात है क्या? पुरानी बातों को उजागर करने से क्या फायदा? राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप लगते रहते हैं।
