Hindi News / भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी आधार कार्ड के साथ बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

SSB की बड़ी कार्रवाई : भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी आधार कार्ड के साथ बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

Edited By:  |
ssb ki badi karwai ssb ki badi karwai

किशनगंज:भारत-नेपाल सीमा पर SSB ने बड़ी कार्रवाई की है.फर्जी आधार कार्ड के साथ एक बांग्लादेशी नागरिक को दबोच लिया है.गिरफ्तार शख्स की पहचान शमीम हवलदार (34 वर्ष) के रूप में हुई है. यह कार्रवाई पानी टंकी सीमा चौकी पर की गई है. जब जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगी.

जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान जब उससे पूछताछ की गई तो उसके बयान में लगातार विरोधाभास सामने आया. जब SSB जवानों ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुद को बांग्लादेश का नागरिक बताया. तलाशी लेने पर उसके पास से बांग्लादेश का मूल पहचान पत्र और पासपोर्ट बरामद हुआ है. इसके साथ ही एक भारतीय आधार कार्ड भी मिला,जो जांच में पूरी तरह फर्जी पाया गया है.

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी भारत में नौकरी की तलाश में आया था, लेकिन एक दलाल के झांसे में फंस गया. एजेंसियों को आशंका है कि यह मामला मानव तस्करी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है.

SSB और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई हैं. यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी भारत में किन-किन लोगों के संपर्क में था और उसे फर्जी आधार कार्ड किसने उपलब्ध कराया.

इस घटना के बाद सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर होने वाली अवैध घुसपैठ और फर्जी दस्तावेजों के जरिए पहचान छिपाने के मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.