क्या एनडीए में अलग-थलग पड़ते जा रहे हैं नीतीश? क्या नीतीश की बातों को एनडीए में ही नज़रअंदाज किया जाता है। क्या जेडीयू एनडीए में ही अलग-थलग पड़ता जा रहा है। ये सवाल आखिर क्यों उठ रहा है, इसका जवाब जानने के लिए आपको पिछले 5-6 महीने की बिहार की सियासत पर गौर करनी होगी।
पहले नीति आयोगकी रिपोर्ट पर अलग-थलग पड़े
जून से लेकर अब तक शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य और गरीबी के मामले में बिहार को नीति आयोग की हर रिपोर्ट में फिसड्डी बताया गया। नीति आयोग की हर रिपोर्ट के बहाने नीतीश के सुशासन पर सवाल उठाए जाने लगे। यहां तक कि ये सवाल और तीखे हो गए, जब जेडीयू नीतीश के 16 साल बेमिसाल का प्रचार जोर शोर से कर रहा था। उसी समय नीति आयोग ने बिहार को सबसे गरीब और पिछड़ा राज्य बता दिया। एक तरफ जेडीयू नीतीश के 16 साल को बेमिसाल बता रही थी और दूसरी तरफ बिहार को पिछड़ा बताने पर नीतीश विपक्ष के सवालों के घेरे में आ रहे थे। जवाब में जेडीयू के मंत्री और यहां तक कि खुद सीएम नीतीश ने नीति आयोग की रिपोर्ट पर सवाल उठाए और नीति आयोग की रिपोर्ट के पैमाने को लेकर सवाल उठाए। लेकिन नीतीश और जेडीयू के इन सवालों के साथ बीजेपी के नेता खुलकर खड़े नजर नहीं आए। यहां तक कि सरकार में मंत्री जीवेश मिश्रा, नितिन नवीन समेत कई बड़े नेताओं ने कह दिया कि नीति आयोग की रिपोर्ट आईना होती है और हम उसी के आधार पर काम करते हैं।
‘विशेष’दर्जे की मांग पर भी अलग-थलग पड़े नीतीश
नीति आयोग की रिपोर्ट पर सवाल उठाने की रणनीति काम नहीं आई, तो जेडीयू ने रणनीति बदली और कल तक नीति आयोग की रिपोर्ट को खारिज करने वाले नीतीश और जेडीयू उसी रिपोर्ट को मानते हुए विशेष राज्य के दर्जे की वकालत करने लगे। नीतीश ने साफ-साफ कहा कि हम पिछड़ा हैं, तो विशेष राज्य का दर्जा दीजिए। ट्विटर पर भी #देश_के_प्रधान_बिहार_पर_दें_ध्यान ट्रेंड कराने लगे। लेकिन जेडीयू का ये दांव भी उल्टा पड़ता नज़र आ रहा है।
शनिवार को संजय जायसवाल ने कहा-विशेष दर्जा नहीं मिलेगा
सीएम नीतीश विशेष राज्य के दर्जे की मांग कर रहे थे और डिप्टी सीएम रेणु देवी सीधे इस मांग को ही खारिज कर दीं, जिस पर सीएम ने भड़कते हुए कहा कि डिप्टी सीएम को कुछ नहीं पता। लेकिन सीएम की नाराजगी पर भी बीजेपी नेताओं और मंत्रियों के बयान आने रुके नहीं। मंत्री जीवेश मिश्रा, नितिन नवीन, शाहनवाज़ हुसैन और अब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने ही साफ-साफ कह दिया कि बिहार को विशेष सहायता मिल रही है। संजय जायसवाल ने दो कदम आगे जाकर कहा कि यूपी के बाद सबसे ज्यादा बिहार को सहायता मिल रही है। वहीं रही-सही कसर नीतीश के करीबी माने जाने वाले पशुपति पारस ने भी पूरी कर दी।
पशुपति पारस ने भी कहा- विशेष दर्जा नहीं विशेष पैकेज मिलना चाहिए
पशुपति पारस ने कशिश न्यूज़ से खास बातचीत में विशेष राज्य के दर्जे के सवाल पर कहा कि ‘बिहार को विशेष पैकेज मिलना चाहिए।‘ हालात ये है कि विशेष राज्य के दर्जे की मांग पर जेडीयू के नेता और केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के सुर भी अलग नज़र आए। दिल्ली में दो दिन पहले जेडीयू सांसदों की बैठक में पहुंचे आरसीपी सिंह ने विशेष राज्य के दर्जे के सवाल पर गोलमोल जवाब देते कह दिया कि ‘’विशेष राज्य के दर्जे की मांग 2013-14 से उठा रहे हैं। मिलेगा तो पहले ओडिशा को मिलेगा ना। ‘’ वहीं अपने बयानों को बार-बार बदलने में माहिर मांझी इस मुद्दे को छोड़ अलग ही ब्राह्मण-दलित की लड़ाई में उलझे हैं।
साफ है कभी विशेष राज्य के दर्जे पर पटना से दिल्ली तक अधिकार रैली निकालने वाले नीतीश इस मुद्दे पर गठबंधन में ही अलग-थलग पड़ गए हैं। कभी विशेष दर्जे की मांग को नीतीश कुमार किसी भी सरकार को समर्थन देने की शर्त बताते थे। लेकिन आज वही नीतीश केंद्र में सरकार को समर्थन भी दे रहे हैं, प्रतिनिधित्व के तौर पर आरसीपी सिंह उनके मंत्री भी हैं। लेकिन ना बीजेपी उनके साथ है, ना पशुपति पारस और ना ही केंद्र में जेडीयू कोटे से मंत्री बने आरसीपी सिंह। तो सवाल है कि क्या विशेष राज्य के दर्जे की मांग सिर्फ नीति आयोग की रिपोर्ट पर उठ रहे सवालों का रुख मोड़ने भर के लिए है। क्या विशेष दर्जे की मांग सिर्फ और सिर्फ नीतीश अपनी सहूलियत के लिए इस्तेमाल करते हैं या फिर विशेष दर्जे की मांग यूपी चुनाव में सीट बंटवारे में ज्यादा से ज्यादा सीट हासिल करने की प्रेशर पॉलिटिक्स का हिस्सा है। आखिर विशेष दर्जे के बहाने नेता बिहार के लोगों को कब तक ठगते रहेंगे?
