पटना: बिहार में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार के लिए चलाए जा रहे सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान में लापरवाही बरतने पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने एक साथ राज्य के 13 जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को शो-कॉज नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है। विभाग ने संबंधित जिलों में अभियान के तहत वर्क इन प्रोग्रेस की स्थिति शून्य पाए जाने पर नाराजगी जताई है।
पटना समेत इन13जिलों केDEOको नोटिस
जिन 13 जिलों के डीईओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है,उनमें अररिया,बेगूसराय,जमुई,खगड़िया,किशनगंज,लखीसराय,नवादा,पटना,पूर्वी चंपारण,पूर्णिया,सारण,शेखपुरा और वैशाली शामिल हैं।
अभियान में प्रगति नहीं होने पर विभाग नाराज
शिक्षा विभाग के निदेशक प्रशासन की ओर से सभी संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेजा गया है। पत्र में अभियान के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को खेदजनक बताया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की महत्वपूर्ण योजना के तहत संचालित इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
24घंटे में जवाब नहीं तो हो सकती है अनुशासनिक कार्रवाई
सभी संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि अधिकारियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बेगूसराय केDEOपर पहले भी उठ चुके हैं सवाल
गौरतलब है कि बेगूसराय के जिला शिक्षा पदाधिकारी पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं और उनसे पूर्व में भी स्पष्टीकरण मांगा जा चुका है।
सरकारी स्कूलों की व्यवस्था सुधारना विभाग का लक्ष्य
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से जिला स्तर पर शिक्षा अधिकारियों में हलचल है। विभाग का उद्देश्य अभियान के कार्यों में तेजी लाना और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा कराना है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

