PATNA :बिहार में बालू खनन का रास्ता साफ हो गया है। आज से यानी रविवार से पटना सहित 10 जिलों में बालू खनन शुरू हो जाएगा। इनमें पटना के साथ रोहतास, औरंगाबाद, जमुई, लखीसराय, भोजपुर, अरवल, गया, नवादा और बांका जिला शामिल है।
शुरू होगी बालू खनन की प्रक्रिया
नये प्रावधान और नयी व्यवस्था में पहली बार नये बंदोबस्तधारियों के माध्यम से बालू खनन किया जाएगा। दूसरे चरण में अन्य जिलों में भी बालू खनन की प्रक्रिया शुरू होगी। उसकी तैयारी भी चल रही है। दरअसल, सूबे में नई नीति के तहत नदी-घाटों के छोटे-छोटे कलस्टर बनाकर उसकी नीलामी की गई है। अब उसी आधार पर नदियों से बालू निकाला जाएगा।
बालू खनन को लेकर व्यापक तैयारी
खान एवं भूतत्व विभाग ने बालू खनन को लेकर व्यापक तैयारी की है। इसके तहत मुख्यालय से इसकी निगरानी की भी व्यवस्था की गई है। उधर, बालू खनन के अवैध खनन, बिक्री और ढुलाई से राज्य सरकार को होने वाले राजस्व हानि को रोकने को लेकर राज्य सरकार ने विशेष तैयारियां की हैं।
ड्रोन की मदद से होगी निगरानी
निगरानी के लिए बालू घाटों पर ड्रोन की मदद ली जाएगी। वहीं, बालू ढोने वाली गाड़ियों का निबंधन करवाकर उसमें जीपीएस लगाने, वजन के लिए घाटों पर धर्मकांटा लगाने, चेक पोस्ट बनाने, चालान काउंटर और चेकपोस्ट पर CCTV लगाने की कार्रवाई चल रही है।
