सहरसा एयरपोर्ट का टेंडर रद्द,उड़ान का इंतजार बढ़ा

सहरसा:बिहार के सहरसा और आसपास के जिलों के लोगों को हवाई सेवा शुरू होने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। सहरसा एयरपोर्ट पर टर्मिनल भवन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर के निर्माण के लिए जारी टेंडर को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने रद्द कर दिया है। इससे एयरपोर्ट के विकास कार्य में देरी की आशंका बढ़ गई है।

चार कंपनियों ने लगाई थी बोली

एयरपोर्ट के पहले चरण के विकास के लिए 22 अप्रैल 2026 को निविदा जारी की गई थी। इसके तहत प्री-फैब्रिकेटेड टर्मिनल भवन, एटीसी टावर, फायर स्टेशन और अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण होना था। टेंडर 16 जून को खुला था और इसकी प्रक्रिया 14 जुलाई को पूरी हो गई थी। इसमें चार कंपनियों ने बोली लगाई थी।हालांकि, एजेंसी का चयन होने से पहले 14 अक्टूबर को एएआई ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए निविदा रद्द कर दी। टेंडर रद्द करने के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

35.14 करोड़ रुपये की थी परियोजना

टर्मिनल भवन और एटीसी टावर सहित अन्य निर्माण कार्यों पर अनुमानित 35.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाने थे। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 15 महीने यानी 450 दिनों की समयसीमा निर्धारित की गई थी।योजना के अनुसार, 1580 वर्ग मीटर में दो मंजिला टर्मिनल भवन, 165 वर्ग मीटर में एटीसी टावर और 451 वर्ग मीटर में फायर स्टेशन बनाया जाना था।

रनवे निर्माण का टेंडर जारी

एयरपोर्ट के विकास के दूसरे चरण में रनवे के पुनर्निर्माण और अन्य सिविल कार्यों को शामिल किया गया है। इसके लिए सितंबर में टेंडर जारी हुआ था। इस निविदा में दो कंपनियों ने बोली लगाई है और प्रक्रिया जारी है।

पहला टेंडर रद्द होने के बाद टर्मिनल भवन और एटीसी टावर के लिए नई निविदा जारी करनी पड़ सकती है। ऐसे में सहरसा से विमान सेवा शुरू होने की समयसीमा पर अनिश्चितता बढ़ गई है।

संजय कुमार की रिपोर्ट