हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित बरही चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मृतका के साथ मौजूद तीन अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए।जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान उर्मिला देवी, पति दिनेश सिंह, निवासी खैरा-करमा, बरकट्ठा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उर्मिला देवी अपने चार बच्चों के साथ बिहार के बाराचट्टी स्थित केवलिया मोड़ में अपने मायके जा रही थीं। इसी दौरान बरही चौक पर सड़क पार करते समय हजारीबाग रोड की ओर से आ रहे एक ट्रक ने महिला और उसके बेटे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक के फरार होने की सूचना है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद एक बार फिर बरही चौक पर भारी वाहनों की रफ्तार और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर सड़क पार करने वाले लोगों की सुरक्षा और व्यस्त चौक पर यातायात नियंत्रण की व्यवस्था को लेकर चिंता जताई जा रही है।हादसे में मां और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, तीन बच्चों का सुरक्षित बच जाना राहत की बात है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।