मुआवजे और पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग, डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने पर अड़े प्रदर्शनकारी
रोहतास:
बिहार के रोहतास जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। चेनारी थाना क्षेत्र के खुर्माबाद में स्कूल जा रहे फुफेरे भाई-बहन को एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने कोलकाता-दिल्ली नेशनल हाईवे-19 को जाम कर दिया।

ट्रक की टक्कर से दोनों बच्चों की मौत

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे रोज की तरह स्कूल जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक किशोर और किशोरी आपस में फुफेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं।

मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर सड़क जाम

दोनों बच्चों की मौत से नाराज स्थानीय लोगों ने NH-19 पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। इसके साथ ही लोग जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर भी अड़े रहे। सड़क जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों तक आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने लोगों को समझाने का किया प्रयास

घटना की सूचना मिलने पर चेनारी थाना इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाने और सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

एक साथ दो बच्चों की मौत से खुर्माबाद और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता देने और हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात ट्रक चालक की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

रोहतास से दयानंद तिवारी की रिपोर्ट