बिहटा: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर शुक्रवार को राजधानी पटना के बिहटा पहुंचे. यहां उन्होंने पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से जन सुराज समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की. उन्होंने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. दिव्या ज्योति के लिए वोट मांगा. इस दौरान उन्होंने बिहार की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था और नेताओं के रवैये पर भी सवाल उठाए.

प्रत्याशियों के लिए मांगा वोट, PK बोले—यह चुनाव सरकार बनाने या हटाने का नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान निकालने का

प्रशांत किशोर ने नेताओं के अहंकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को इतना अहंकार हो गया है कि वे कहते हैं कि कुत्ता-बिल्ली को भी वोट दे देंगे, फिर भी जनता उन्हें ही वोट देगी. उन्होंने कहा कि जब ऐसे नेता चुनाव हार जाएंगे, तो अपनी बात से मुकर जाएंगे और कहेंगे कि उन्होंने ऐसा नहीं कहा था.

उन्होंने धार्मिक भावनाओं और राजनीतिक बयानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राम मंदिर से संबंधित कथित बयान पर भी टिप्पणी की.

प्रशांत किशोर ने कहा कि आज नेताओं में इतना अहंकार आ गया है कि वे भगवान राम और हनुमान जी के नाम का इस्तेमाल भी राजनीतिक संदेश देने के लिए कर रहे हैं.

व्यवस्था बदलने के लिए है चुनाव

प्रशांत किशोर ने कहा कि पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव किसी को सरकार बनाने या सरकार को हटाने के लिए नहीं है. यह चुनाव वर्षों से चली आ रही व्यवस्था को जवाब देने और उसमें बदलाव लाने का अवसर है. पिछले30-40वर्षों से स्नातक बेरोजगारों और शिक्षकों की जो समस्याएं बनी हुई हैं, उनका समाधान निकालना जरूरी है.

उन्होंने कहा कि जन सुराज का एजेंडा स्पष्ट है. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह की जीत होने पर पटना क्षेत्र के10हजार बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा.

एमएलसी चुनाव में पारदर्शिता का मुद्दा उठाया

प्रशांत किशोर ने कहा कि अब तक एमएलसी चुनाव चोरी-छिपे और सीमित चर्चा के बीच होते रहे हैं. जन सुराज इस चुनाव को आम मतदाताओं के मुद्दों से जोड़ना चाहता है, ताकि बेरोजगारी, शिक्षकों की समस्याओं और व्यवस्था में सुधार जैसे सवालों पर खुलकर चर्चा हो सके.

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे जाति और राजनीतिक प्रभाव से ऊपर उठकर प्रत्याशियों के काम, एजेंडे और भविष्य की योजनाओं के आधार पर मतदान करें.

बिहटा से राकेश कुमार की रिपोर्ट -