NAWADA : नवादा में दुर्गा पूजा को लेकर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पुलिस जगह-जगह सघन वाहन जांच कर रही है। वाहन चालकों से परिवहन नियमों का पालन कराने के लिए लगातार सघन वाहन जांच जारी है लेकिन दूसरों के वाहनों का दस्तावेज सहित अन्य जांच करने वाली पुलिस की ही गाड़ी अधूरे कागजात के साथ सड़कों पर फर्राटा भर रही है।

इसका पता तब चला, जब बुंदेलखंड थाना में चलने वाले पुलिस वाहन के नंबरों की तलाशी 'एम' परिवहन के माध्यम से की गई तो इस दौरान पाया गया कि पुलिस वाहन जिप्सी संख्या बीआर 27 P 1871 का इंश्योरेंस पिछले 5 साल से फेल है। वहीं, प्रदूषण नोट एवलेबल बता रहा है, जिससे पुलिस द्वारा लगातार गश्त, छापेमारी अभियान को अंजाम दिया जाता है, जो वर्षों से बगैर इंश्योरेंस और बिना प्रदूषण सर्टिफिकेट के सड़कों पर दौड़ रही है लेकिन दूसरों के वाहनों की जांच करने वाली पुलिस के वाहनों के कागजात चेक करने की जहमत आखिर कौन उठाए।

बता दें कि बुंदेलखंड थाना की पुलिस जिप्सी संख्या BR 27 P 1871 वाहन का इंश्योरेंस 21 दिसंबर 2019 में ही फेल हो चुका है और पिछले पांच वर्षों से यह पुलिसिया धौंस जमाते हुए सड़कों पर फर्राटे भर रही है। इस दौरान कितने एसएचओ आए और गए लेकिन दूसरों को कानून का पाठ पढ़ाने वाले इनलोगों ने अपनी गिरेबां में झांकना मुनासिब नहीं समझा।

इधर, वाहन जांच के दौरान जुर्माना भरने वाले लोगों का कहना है कि पुलिस आमलोगों के वाहनों के दस्तावेज सहित अन्य चीजों की जांच कर जुर्माना तो वसूलती है लेकिन खुद थाने की गाड़ी का इंश्योरेंस फेल है, कागजात अधूरे हैं। बावजूद पुलिस वाहन सड़क पर चल रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस खुद नियमों का पालन नहीं कर रही है। पुलिस इन वाहनों की जांच कर जुर्माना क्यों नहीं वसूलती है।

दूसरों को कानून का पाठ पढ़ाने वाली पुलिस की खुद की गाड़ियां ही बिना इंश्योरेंस और प्रदूषण सर्टिफिकेट की सड़कों पर फर्राटा भर रहीं हैं।