पटना : श्री महावीर स्थान न्यास समिति द्वारा संचालित अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधा मिले इसके लिए समिति हर वक्त प्रयासरत है. चाहे वो महावीर वात्सल्य, महावीर आरोग्य, महावीर कैंसर, महावीर नेत्रालय या फिर महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल आदि क्यों न हो. इसी क्रम में शुक्रवार को महावीर वात्सल्य अस्पताल में मरीजों को ले जाने और लाने के लिए एक और आधुनिक एंबुलेंस की सुविधा बहाल की गई है. इस आधुनिक एंबुलेंस को कंपनी सीएसआर के तहत कैनरा बैंक ने दिया है. इसका उद्घाटन शुक्रवार को किया गया. इस मौके पर श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल, सांसद शांभवी चौधरी, कैनरा बैंक के सीएमडी ब्रजेश कुमार सिंह, एसीईओ बीके मिश्रा,अस्पताल के निदेशक डॉ.राजेश रंजन, मंदिर अधीक्षक के सुधाकरण, बैंक के डीजीएम और जीएम आदि मौजूद थे.
श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने कहा कि समिति द्वारा संचालित अस्पताल में मरीजों को बेहतर सेवा मिले, इसके लिए हर कोशिश की जा रही है. महावीर वात्सल्य अस्पताल में हार्ट के मरीजों के इलाज के लिए हर सुविधा बहाल कर दी गई है. इसके अलावा बच्चों और बड़ों का भी बेहतर इलाज हो रहा है. अस्पताल में इलाज कराने के लिए दूर-दराज और शहर के बड़े अस्पतालों से भी मरीज आते हैं. सभी अस्पतालों में आधुनिक तकनीक वाली जांच मशीन की व्यवस्था की गई है. और जहां जरूरत है व्यवस्था की जा रही है. जिससे मरीज को एक छत के नीचे जांच और इलाज की सारी सुविधा मिल जाय. मरीज को जांच या फिर इलाज के लिए अन्यत्र भटकना नहीं पड़े. अस्पतालों से जरूरत के अनुसार प्रस्ताव भी मांगे गए हैं. उसी के अनुसार मशीन आदि की व्यवस्था की जा रही है. वैसे भी समिति द्वारा संचालित अस्पतालों में काफी कम खर्च में इलाज और जांच की व्यवस्था है. उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की संख्या बढ़ने से मरीजों को आने-जाने में सहूलियत होगी. साथ ही साथ महावीर आरोग्य अस्परताल का नया भवन का भी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. भवन का निर्माण हो जाने पर यहां काफी सुविधाएं बढ़ जाएंगी. अभी आरोग्य को पास के ही मकान में शिफ्ट किया गया है. जहां मरीजों का इलाज हो रहा है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--
