हाजीपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित बिहार दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को वैशाली जिले के राजापाकर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बहसी गांव के पास प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का उच्चस्तरीय अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मंच, हेलीपैड और यातायात प्रबंधन तक की तैयारियों का जायजा लिया गया।

मुख्य सचिव और DGPसमेत कई बड़े अधिकारी पहुंचे
निरीक्षण के दौरान बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी, मुख्यमंत्री के सचिव, तिरहुत रेंज के डीआईजी, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और प्रधानमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

सुरक्षा से लेकर हेलीपैड तक की तैयारियों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड निर्माण, मंच की व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने संभावित कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर तैयारियों का जायजा लिया।

सिक्स लेन पुल के उद्घाटन का है संभावित कार्यक्रम
निरीक्षण के बाद वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सिक्स लेन पुल के उद्घाटन को लेकर संभावित कार्यक्रम है। इसी को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया है। फिलहाल प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की अंतिम तिथि और आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा का इंतजार है। संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

हाजीपुर से पंकज चौहान की रिपोर्ट