दरभंगा: दीपावली के पटाखों की चिंगारी ने मुक्ति मोहल्ले में अफरा-तफरी मचा दी। नगर थाना क्षेत्र के मुक्ति मोहल्ले में पटाखे की चिंगारी से खाली परिसर में रखी सूखी लकड़ियों, झाड़ियों और कचरे में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें पास के खजूर के पेड़ से होते हुए दो मंजिला मकान तक पहुंच गईं। घनी आबादी के बीच आग फैलने से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, स्थानीय युवकों की तत्परता और बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।
दमकल पहुंचने से पहले युवकों ने संभाला मोर्चा
मिलान चौक और जेपी चौक मुख्य सड़क के किनारे स्थित खाली परिसर में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इस बीच स्थानीय दर्जनों युवकों ने बिना देर किए आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया। किसी ने बाल्टी से पानी डाला तो किसी ने नाले से कीचड़ निकालकर आग पर फेंका। आसपास के मकानों से भी लोग पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। इस दौरान कई युवकों के हाथ झुलस गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।
दो दमकल गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। मौके पर नगर थाना और कोतवाली थाना की पुलिस टीम भी पहुंची। वहीं, बिजली विभाग की टीम ने भी तत्परता दिखाई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की चपेट में आने से खजूर का पेड़ पूरी तरह जलकर राख हो गया।
वार्ड पार्षद ने युवकों के साहस को किया सलाम
मौके पर पहुंचे वार्ड पार्षद नवीन सिन्हा ने आग बुझाने में जुटे स्थानीय युवकों के साहस और टीम भावना की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि युवकों ने बिना किसी विशेष संसाधन के सिविल आर्मी की तरह मोर्चा संभाला और बड़ी घटना होने से बचा लिया। उन्होंने ऐसे साहसी युवकों को चिह्नित कर स्थानीय स्तर पर सम्मानित और पुरस्कृत करने की बात कही।
समय पर पहुंची दमकल टीम,टला बड़ा हादसा
सदर अग्निशमन अनुमंडल पदाधिकारी चंद्र किशोर पासवान ने बताया कि खाली परिसर में रखे कचरे और सूखी लकड़ियों में आग लगी थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता से आग पर काबू पा लिया। मुक्ति मोहल्ले की यह घटना बताती है कि आपात स्थिति में स्थानीय लोगों की एकजुटता और तत्परता कितनी महत्वपूर्ण होती है। हालांकि, आग बुझाने के दौरान युवकों के झुलसने की घटना भी यह याद दिलाती है कि ऐसी परिस्थितियों में बिना सुरक्षा उपकरणों के आग बुझाने का प्रयास जोखिम भरा हो सकता है।
BREAKING NEWS
दरभंगा में पटाखे की चिंगारी से भीषण आग, दो मंजिला मकान तक पहुंचीं लपटें; युवकों की बहादुरी से टला बड़ा हादसा

