भागलपुरः बिहार के भागलपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अकबरनगर थाना क्षेत्र के गौरीपुर गांव से मंगलवार को अपहृत 18 वर्षीय डीजे संचालक दुर्गश कुमार की हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह उसका शव भवनाथपुर बगीचा के पास सड़क किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गांव के ही तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।
दोस्तों ने घर से बुलाकर ले गए थे युवक को
मृतक की पहचान गौरीपुर गांव निवासी मनोज राय के 18 वर्षीय पुत्र दुर्गश कुमार के रूप में हुई है। वह डीजे संचालक का काम करता था। मृतक की मां पुष्पा देवी के अनुसार, मंगलवार की शाम गांव के ही तीन दोस्त दुर्गश को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बुधवार को मृतक के पिता ने अकबरनगर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
पहले मिली बाइक,फिर झाड़ियों में मिला शव
बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात पुलिस को भवनाथपुर बगीचा के पास एक पुलिया के समीप लावारिस हालत में बाइक मिली। जांच के दौरान बाइक की पहचान दुर्गश कुमार की बाइक के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस और परिजनों की चिंता बढ़ गई। गुरुवार की सुबह खोजबीन के दौरान भवनाथपुर बगीचा के पास सड़क किनारे झाड़ियों में दुर्गश का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप,संदिग्धों से पूछताछ
परिजनों ने गांव के ही तीन दोस्तों पर दुर्गश की हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
मंगलवार को घर से बुलाकर ले जाने के बाद गुरुवार को युवक का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर दुर्गश की हत्या किस वजह से की गई? क्या इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या कोई अन्य विवाद था? फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
भागलपुर से डब्ल्यू कुमार की रिपोर्ट
BIHAR CRIME
भागलपुर में अपहरण के बाद डीजे संचालक की हत्या, झाड़ियों में मिला शव; तीन दोस्तों पर आरोप

