पटना: राजधानी में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है. अपराधी किस्म के लोग चेन स्नेचिंग में लड़कियों को शामिल कर बड़े आराम से दिनदहाड़े घटना को अंजाम दे रहे. ताजा मामलादीघा थाना क्षेत्र का है.

दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी मोड़ के पास सुबह-सुबह बाइकसवार अपराधियों ने चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि,पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है,जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी है.

पीड़ित पंकज कुमार के मुताबिक, वह सुबह करीब 8 बजे अपने घर से निकले थे और पार्षदीय कार्यालय जा रहे थे. फिलहाल 7:50 बजे कुर्जी मोड़ के पास वह एक ऑटो चालक से बातचीत कर रहे थे. इस दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार दो लोग वहां पहुंचे.बाइक पर पीछे बैठी लड़की ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों मौके से फरार हो गई. पंकज कुमार ने बताया कि चेन की कीमत करीब 7 लाख रुपये थी.

इधर,घटना के बाद वह दीघा थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. पीड़ित ने बताया कि इंस्पेक्टर से बातचीत हुई है और वह लिखित शिकायत दर्ज कराने पहुंचे हैं. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है.