पटना: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का कारोबार जारी है। इसी कड़ी में पटना के खगौल थाना क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर 1 नवंबर की रात करीब 12:50 बजे महुआबाग इलाके में छापेमारी की गई। इस दौरान किराये के कमरे से 733.090 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
किराये के कमरे में छिपाकर रखी गई थी शराब
जानकारी के अनुसार, निरीक्षक मद्य निषेध दीपक महतो के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर महुआबाग में रंजन कुमार के किराये के कमरे पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान कमरे से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। विभाग के मुताबिक, कुल 733.090 लीटर शराब जब्त की गई, जो 2497 बोतलों में रखी हुई थी।
करीब 8.80लाख रुपये आंकी गई कीमत
बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 8 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान कमरे में मौजूद रंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन राज्यों से मंगाई जाती थी शराब
पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक, शराब की खेप उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा से मंगाई जाती थी। इसके बाद बिहार में इसकी बिक्री की जाती थी। मद्य निषेध विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि शराब की सप्लाई में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इस तस्करी नेटवर्क के तार किन लोगों से जुड़े हुए हैं।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी टीम
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। विभाग का प्रयास है कि शराब की आपूर्ति करने वाले स्रोतों और स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके। पटना में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर शराबबंदी के बावजूद सक्रिय शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट

