पटना: ब्लिंकिट समेत कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा,एक्सपायरी सामान नष्ट
पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार,22 अक्टूबर को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों,ब्लिंकिट स्टोर और 9to9 सुपर मार्केट में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में खाद्य पदार्थों के भंडारण,साफ-सफाई और गुणवत्ता की जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर कई प्रतिष्ठानों को 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।
ब्लिंकिट वेयरहाउस में 2.13 करोड़ की सामग्री पर रोक
नसीरपुर,ताजपुर,बायपास रोड स्थित ब्लिंकिट वेयरहाउस में जांच के दौरान होल फॉर्म ब्रांड की 276 प्रकार की खाद्य सामग्रियों के लगभग 25 टन वितरण पर रोक लगाई गई। इसके अलावा बेसिक ब्रांड की 3,102 किलोग्राम दाल और 190 किलोग्राम नट्स की बिक्री भी रोक दी गई। इन खाद्य सामग्रियों का कुल अनुमानित मूल्य 2,13,99,535 रुपये बताया गया है।
एक्सपायरी और क्षतिग्रस्त सामान नष्ट
एसके नगर स्थित 9to9 स्टोर में 14,740 रुपये मूल्य के एक्सपायरी और क्षतिग्रस्त खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए। इनमें सत्तू,सूजी,बेसन,आटा,मैदा और मसाले शामिल थे। वहीं,इंद्रपुरी स्थित ब्लिंकिट स्टोर में 49.5 लीटर एक्सपायरी अमूल दूध मिला। चावल,घी,सूजी,अचार,ग्लूकोंडी और चीनी के छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
स्वच्छता में कमी,प्रतिष्ठानों को नोटिस
आनंदपुरी स्थित ब्लिंकिट स्टोर में धूल और गंदगी मिली। फ्रोजन रूम में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे गए थे। यहां लगभग 190 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई,जिसकी कीमत करीब 16 हजार रुपये है।
कंकड़बाग और सादिकपुर स्थित प्रतिष्ठानों में भी खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की शिकायतें सामने आईं। रामनगरी मोड़ स्थित आदित्य 9to9 सुपर मार्केट औरYOChina Restaurantमें भी अनियमितताएं मिलीं।
विभाग ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को स्वच्छता,सुरक्षित भंडारण और लाइसेंस संबंधी कमियां दूर करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर लाइसेंस निलंबन सहित नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

