पटना: मेट्रो निर्माण कार्य के कारण राजेंद्रनगर फ्लाईओवर पर यातायात बंद किए जाने से सोमवार को लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. अचानक रास्ता बंद होने से कंकड़बाग,राजेंद्रनगर और कदमकुआं की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को जाम में फंसना पड़ा. फ्लाईओवर के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.
बिना पूर्व सूचना रास्ता बंद होने से बढ़ी परेशानी
फ्लाईओवर पर अचानक आवागमन रोक दिए जाने से वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था में इतना बड़ा बदलाव करने से पहले पर्याप्त सूचना दी जानी चाहिए थी. यदि लोगों को पहले से जानकारी मिल जाती,तो वे दूसरे रास्तों से अपनी मंजिल की ओर निकल सकते थे.
अचानक रास्ता बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. जाम में फंसे कुछ लोगों की ड्यूटी पर पहुंचने और जरूरी काम निपटाने में देरी हुई. इस दौरान व्यवस्था को लेकर कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस भी हुई.
धनुष सेतु से गुजरेंगे वाहन
राजेंद्रनगर फ्लाईओवर बंद होने के बाद वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में धनुष सेतु का इस्तेमाल करना होगा. हालांकि,इस रास्ते से कुछ यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है. ऐसे में वाहन चालकों को घर से निकलने से पहले अपने मार्ग की योजना बनाने की जरूरत है.
5 नवंबर तक बंद रहेगा फ्लाईओवर
पटना अंडरग्राउंड मेट्रो के पीसी-03 निर्माण कार्य के तहत मेट्रो की टनल रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को पार कर रही है. निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए फ्लाईओवर पर यातायात बंद किया गया है. निर्माण एजेंसी की ओर से लगाए गए सूचना बोर्ड के अनुसार,5 नवंबर 2026 तक फ्लाईओवर पर आवागमन बंद रहेगा.
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान प्रमुख चौराहों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएं और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी पहले से दी जाए,ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
