पटना : राजधानी पटना के गर्दनीबाग महिला थाने में शुक्रवार को प्रेम-प्रसंग से जुड़ा विवाद हिंसक हो गया. प्रेमी और दो युवतियों के बीच हुए हंगामे के दौरान एक युवती ने दूसरी युवती की नाक दांत से काट ली. इस घटना में घायल युवती को पहले गर्दनीबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स पटना रेफर कर दिया गया.


शादी का झांसा देकर रुपये लेने का आरोप


पुलिस के अनुसार,अरवल का रहने वाला एक युवक मसौढ़ी के सरकारी स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत है. आरोपित युवती का दावा है कि युवक के साथ पिछले एक साल से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था. युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और जरूरत के नाम पर दो लाख रुपये भी ले लिए. जब उसने शादी की बात की,तो युवक कथित तौर पर मुकरने लगा. शुक्रवार को युवक उसे लेकर महिला थाने पहुंचा था.


यारपुर रेलवे लाइन के पास हुआ विवाद


इसी दौरान युवक की दूसरी महिला मित्र अपने भाई के साथ वहां पहुंच गई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कहासुनी होने लगी. विवाद के बीच कथित प्रेमिका यारपुर रेलवे लाइन की तरफ भागी. उसे रोकने पहुंची युवक की दोस्त पर उसने हमला कर दिया और दांत से उसकी नाक काट ली.


दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे


घायल युवती का कहना है कि आरोपित युवक उसका बचपन का दोस्त है और दूसरी युवती उसे ब्लैकमेल कर रही है. वहीं,आरोपित युवती ने युवक पर शादी का झांसा देने और रुपये लेने का आरोप लगाया है.


महिला थानेदार के अनुसार,मामला आपसी विवाद से जुड़ा है. घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट—