जक्कनपुर थाना क्षेत्र के पुराने बस स्टैंड के पास चल रहा था कथित अवैध देह व्यापार,होटल से रजिस्टर और आपत्तिजनक सामान बरामद
पटना: बिहार की राजधानी पटना में कथित अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। जक्कनपुर थाना क्षेत्र के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित गणपति होटल में छापेमारी कर पुलिस ने पांच महिलाओं और तीन पुरुषों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, होटल के कमरों में सभी आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से एक रजिस्टर और कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पुराने बस स्टैंड के पास स्थित गणपति होटल में कथित तौर पर अवैध देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इसकी पुष्टि की और विशेष टीम गठित कर होटल में छापेमारी की। इस दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से पांच महिलाओं और तीन पुरुषों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से एक रजिस्टर, दो कंडोम और इस्तेमाल किए गए कंडोम समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।

छापेमारी की भनक लगते ही होटल संचालकफरार
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही होटल संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, पकड़े गए सभी लोगों को जक्कनपुर थाने लाया गया है, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

सदर एसडीपीओ ने दी कार्रवाई की जानकारी
सदर एसडीपीओ-1 मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर विशेष टीम ने गणपति होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पांच महिलाओं और तीन पुरुषों को पकड़ा गया है। होटल संचालक फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही कथित अवैध गतिविधियों से जुड़े अन्य तथ्यों और होटल संचालक की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट