पटना : राजधानी पटना में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई की है. मंगलवार को गांधी मैदान थाना क्षेत्र के राजेंद्र पथ स्थित दो बड़े आवासीय होटल मगध और एम्बेसडर के किचन में छापेमारी की गई. जांच के दौरान दोनों होटलों में नकली पनीर मिलने का मामला सामने आया. इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों होटलों के किचन को तीन दिनों के लिए सील कर दिया.
छापेमारी के दौरान अधिकारियों को सिर्फ पनीर में ही गड़बड़ी नहीं मिली, बल्कि किचन की साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहद खराब पाई गई. किचन में गंदगी का अंबार था. मसालों के डिब्बों में जंग लगा हुआ था, जबकि तेल और मसालों की गंदगी से पूरा किचन भरा हुआ था. जांच के दौरान वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री भी एक साथ रखी हुई मिली.
किचन की स्थिति देखकर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारी भी हैरान रह गए. खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने, साफ-सफाई और स्वच्छता से जुड़े नियमों का पालन होता नहीं दिखा. अधिकारियों ने इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की.
दरअसल, पटना में मिलावटी खाद्य पदार्थों की शिकायतों और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए विभाग की ओर से लगातार होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत दोनों होटलों में छापेमारी की गई.
फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने तीन दिनों के लिए दोनों होटलों के किचन को सील कर दिया है. इस कार्रवाई के संबंध में फूड इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने जानकारी दी. अब आगे की जांच के आधार पर संबंधित होटल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
