जल प्रबंधन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की भूमिका अब और अहम होने जा रही है। इसी दिशा में देशभर के विशेषज्ञों का एक बड़ा जुटान झारखंड में होने जा रहा है। इंडियन वाटर वर्कर्स एसोसिएशन का 59वां वार्षिक अधिवेशन पहली बार झारखंड में आयोजित होगा। तीन दिवसीय इस अधिवेशन में जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और भविष्य की चुनौतियों पर मंथन किया जाएगा। इंडियन वाटर वर्कर्स एसोसिएशन का 59वां वार्षिक अधिवेशन 22 से 24 जनवरी 2027 तक बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान यानी BIT मेसरा, रांची में आयोजित होगा।

इस अधिवेशन का आयोजन एसोसिएशन के केंद्र द्वारा BIT मेसरा के सहयोग से किया जा रहा है। खास बात यह है कि पहली बार झारखंड को इस राष्ट्रीय स्तर के वार्षिक अधिवेशन की मेजबानी का अवसर मिला है। इसे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस वर्ष अधिवेशन का मुख्य विषय है- भविष्य के लिए स्मार्ट जल संसाधन समाधान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग। तीन दिनों तक चलने वाले इस अधिवेशन में जलापूर्ति, अपशिष्ट जल प्रबंधन और जल संसाधनों से जुड़ी मौजूदा चुनौतियों पर चर्चा होगी। साथ ही आधुनिक तकनीक और नए समाधानों के जरिए जल प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस मंच पर देशभर के नीति निर्माता, अभियंता, तकनीकी विशेषज्ञ, शोधकर्ता, शिक्षाविद और उद्योग जगत के प्रतिनिधि एक साथ जुटेंगे। साथ ही साथ झारखंड के जल संसाधन मंत्री योगेंद्र महतो भी शामिल होंगे और राज्य में ए आई से संबंधित जल निकायों की सफाई कैसे हो इस पर चर्चा भी करेंगे