Hindi News / 1 करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ सुरक्षाबलों और नक्सलियों...

पश्चिमी सिंहभूम में एनकाउंटर : 1 करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ सुरक्षाबलों और नक्सलियों में मुठभेड़ जारी

Edited By:  |
paschim singhbhum mein encounter paschim singhbhum mein encounter

चाईबासा:पश्चिमी सिंहभूम केसारंडा और टोंटो गोइलकेरा के जंगल में बुधवार की सुबह एक बार फिर पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़ हुई है. कोल्हान प्रमंडल के टोन्टो और गोईलकेरा थाना क्षेत्रों के सीमावर्ती इलाके में पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है. हालांकि,अभी तक कहीं कोई हताहत होने की सूचना नहीं है. एसपी अमित रेनू ने कहा कि मुठभेड़ जारी है.

जानकारी के अनुसार, कोबरा 209 बटालियन के जवान बीते दो दिनों से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा के आस-पास के घने जंगलों में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे थे. बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे अभियान के दौरान जवानों का नक्सलियों से आमना सामना हो गया. इसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई.

सूत्रों के मुताबिक बुधवार सुबह से रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है. मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षाबलों की सतर्कता बढ़ा दी गई है और सघन तलाशी अभियान जारी है.

गौरतलब है कि हाल ही में गोईलकेरा थाना क्षेत्र में एक पूर्व नक्सली की हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद से इस बात के संकेत मिल रहे थे कि नक्सली सारंडा क्षेत्र से निकलकर कोल्हान और आसपास के इलाकों में अपनी मौजूदगी बढ़ा रहे हैं. पुलिस

सूत्रों के अनुसार, नक्सली संगठन अब भी इलाके में माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में सक्रिय हैं.

सुरक्षा एजेंसियों ने दावा किया था कि जल्द ही नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन ताजा घटनाक्रम से साफ है कि जंगल क्षेत्रों में फिलहाल पुलिस और नक्सलियों के बीच ‘लुकाछिपी’ का खेल जारी है। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है और सुरक्षाबल किसी भी संभावित गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।