पटना : लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर देश की राजनीति में बहस तेज होती जा रही है. इस बीच बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने परिसीमन के मुद्दे पर अपनी पार्टी और विपक्षी गठबंधन के भीतर अलग राय जाहिर की है. गया से राजद सांसद सुरेंद्र यादव ने परिसीमन का समर्थन करते हुए कहा कि इसकी प्रक्रिया अभी शुरू होनी चाहिए. उन्होंने बढ़ती आबादी के अनुपात में लोकसभा की सीटें बढ़ाने की भी वकालत की.

पत्रकारों से बातचीत में सुरेंद्र यादव ने कहा कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है. इसके साथ ही जनता की समस्याएं और विकास कार्यों का दायरा भी बढ़ रहा है. ऐसे में जनसंख्या के अनुपात में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाना जरूरी है, ताकि लोगों की समस्याओं को संसद में प्रभावी तरीके से उठाया जा सके.

उन्होंने कहा कि परिसीमन की तैयारी पहले से होनी चाहिए. वर्ष 2027 में जनसंख्या से जुड़ी स्थिति सामने आने के बाद अचानक कोई फैसला लेना आसान नहीं होगा. किसी भी बड़े काम के लिए पहले से तैयारी जरूरी है. इसलिए परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर अभी से विचार और तैयारी शुरू की जानी चाहिए.

राजद सांसद के मुताबिक लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने से जनता और जनप्रतिनिधि दोनों को फायदा होगा. इससे सांसदों को अपने क्षेत्रों की समस्याओं पर अधिक प्रभावी तरीके से काम करने का अवसर मिलेगा.

वहीं, बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि वह किसे वोट देंगे तो उन्होंने कहा कि मतदान एक गोपनीय अधिकार है. किसी से यह नहीं पूछा जा सकता कि वह किसे वोट देगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का उदाहरण देते हुए कहा कि मतदान की गोपनीयता सभी के लिए समान है.

सुरेंद्र यादव के इस बयान से परिसीमन के मुद्दे पर राजनीतिक बहस के बीच राजद के भीतर अलग-अलग विचारों की चर्चा शुरू हो गई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-