पलामू: झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पतरा कला गांव में दशहरा के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत में सब्जियों की सिंचाई करने गए किसान की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
खेत में पटवन करने गया था किसान
मिली जानकारी के अनुसार, पतरा कला गांव निवासी स्वर्गीय रामानंदन पासवान के पुत्र अंबेडकर कुमार पासवान सुबह घर में किसी को बताए बिना खेत में सिंचाई करने गए थे। वह खेत के पास स्थित कुएं से बाल्टी और रस्सी की मदद से पानी निकालकर सब्जियों के पौधों में पटवन कर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से कुएं में गिरने की आशंका जताई जा रही है।
देर शाम तक घर नहीं लौटा तो शुरू हुई तलाश
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की, लेकिन किसान का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार परिजनों ने हुसैनाबाद थाने में लिखित सूचना दी।
कुएं में मिला शव,पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
सोमवार शाम गांव की एक महिला ने कुएं में शव देखा और इसकी जानकारी ग्रामीणों व परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से निकलवाकर अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद भेजा।
मंगलवार, 20 अक्टूबर को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
परिवार में पसरा मातम
दशहरा के उत्सवी माहौल के बीच हुई इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पतरा कला गांव में शोक की लहर है।
पलामू से नीतेश तिवारी की रिपोर्ट

