टाटा स्टील ने की आयोजन की घोषणा, ‘हरित एवं बेहतर कल के लिए दौड़ें’ रखी गई इस वर्ष की थीम;देशभर से धावकों के शामिल होने की उम्मीद
चाईबासा: टाटा स्टील की ओर से आयोजित नोआमुंडी रन-ए-थॉन का छठा संस्करण आगामी 22 नवंबर 2026 को आयोजित होगा। इस वर्ष दौड़ की थीम ‘हरित एवं बेहतर कल के लिए दौड़ें’ रखी गई है। आयोजन नोआमुंडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होगा। इसे लेकर टाटा स्टील ने चाईबासा में प्रेस वार्ता कर आधिकारिक घोषणा की।

इस अवसर पर टाटा स्टील के ओएमक्यू डिवीजन के महाप्रबंधक देबाशीष जेना ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में रन-ए-थॉन की जर्सी का अनावरण किया। कार्यक्रम में डी. विजयेंद्र, राजीव कुमार, राजेश राजन, मनीष सिन्हा और उदय प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अलग-अलग आयु वर्गों के लिए दौड़ की श्रेणियां
इस वर्ष रन-ए-थॉन में अलग-अलग आयु वर्गों के लिए दौड़ आयोजित की जाएगी। 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पुरुषों और महिलाओं के लिए 10 किलोमीटर और 7 किलोमीटर की दौड़ होगी। वहीं, 16 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाओं के लिए 5 किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई है। विशेष क्षमता वाले प्रतिभागियों के लिए 2 किलोमीटर की दौड़ भी आयोजित होगी।

विजेताओं को मिलेगी 5.67लाख रुपये की पुरस्कार राशि
आयोजकों के अनुसार, विभिन्न श्रेणियों में सामान्य और स्थानीय वर्ग के विजेताओं को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। कुल पुरस्कार राशि 5 लाख 67 हजार रुपये निर्धारित की गई है।

प्रमुख पुरस्कार इस प्रकार हैं:
10 किमी पुरुष एवं महिला: प्रथम 51 हजार, द्वितीय 41 हजार और तृतीय 31 हजार रुपये।
7 किमी पुरुष एवं महिला: प्रथम 25 हजार, द्वितीय 20 हजार और तृतीय 15 हजार रुपये।
5 किमी बालक एवं बालिका: प्रथम 10 हजार, द्वितीय 8 हजार और तृतीय 7 हजार रुपये।

पिछले वर्ष 4हजार से अधिक धावकों ने लिया था हिस्सा
उल्लेखनीय है कि नोआमुंडी रन-ए-थॉन के पिछले संस्करण में देशभर से 4 हजार से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतिभागियों की संख्या पिछले साल के रिकॉर्ड को भी पार करेगी। टाटा स्टील की यह पहल खेलों को प्रोत्साहित करने के साथ फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास है।

चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट