पटना:बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर शुक्रवार को हो रहे मतदान के बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सियासी घमासान तेज हो गया है. जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने विक्ट्री साइन दिखाकर अपनी जीत का दावा किया,वहीं मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह के सरकारी आवास के बाहर उनके समर्थकों ने आतिशबाजी कर जन सुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत का दावा किया. इस दौरान पुलिस ने बिहार राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव छोटू सिंह को हिरासत में ले लिया.
अनंत सिंह के आवास पर जश्न
पटना में शुक्रवार को अनंत सिंह के सरकारी आवास के बाहर समर्थकों ने पटाखे फोड़े और अनुज सिंह की जीत को लेकर उत्साह जताया. अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें अपने उम्मीदवार की जीत का भरोसा है,इसलिए समर्थक पहले से जश्न मना रहे हैं. उन्होंने कहा कि जनता मालिक है और उन्हें जीत की उम्मीद है. जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार की ओर से नीरज कुमार को जीत का आशीर्वाद दिए जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार उनके गुरु हैं.
छोटू सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया
चुनाव के बीच पुलिस ने छोटू सिंह को पटना के जक्कनपुर इलाके से हिरासत में लिया. उन्हें जक्कनपुर थाने में रखा गया. छोटू सिंह चुनाव प्रचार के दौरान अनंत सिंह के साथ नजर आए थे और अनुज सिंह के समर्थन में वोट मांग रहे थे. अनंत सिंह ने थाने में मौजूद छोटू सिंह से फोन पर बातचीत भी की. हालांकि,हिरासत में लिए जाने के कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
मोकामा में समर्थकों के बीच झड़प
मतदान शुरू होने के बाद मोकामा प्रखंड कार्यालय के पास अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक आमने-सामने आ गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीपीओ रामकृष्ण ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया.
चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. फिलहाल,दोनों पक्षों के दावों के बीच नतीजों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
