Hindi News / बिहार में डेयरी सेक्टर को मिलेगा नया विस्तार-सम्राट चौधरी

नालंदा में मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान : बिहार में डेयरी सेक्टर को मिलेगा नया विस्तार-सम्राट चौधरी

Edited By:  |
nalanda mein mukhyamantri ka bdaa ailan nalanda mein mukhyamantri ka bdaa ailan

नालंदा:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को नालंदा स्थित बिहारशरीफ डेयरी परियोजना परिसर में 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता वाले दही एवं लस्सी प्लांट, कॉम्फेड संचालित एचपीसीएल पेट्रोल पंप और सुधा कैफेटेरिया का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 300 खुदरा विक्रेताओं को डीप फ्रीजर वितरित किए, पशु उठाव एवं परिवहन वाहनों को हरी झंडी दिखाई तथा पशुपालकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

बिहार में प्रतिदिन 1करोड़ लीटर दुग्ध उत्पादन का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार में प्रतिदिन 1 करोड़ लीटर दुग्ध उत्पादन करना है। इसके लिए पशुपालकों को आधुनिक तकनीक, उन्नत नस्ल के पशु, बेहतर प्रशिक्षण, पशु स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत डेयरी अवसंरचना उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि 'सुधा' ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा।

बकरी पालन के लिए अलग फेडरेशन बनाने का भी ऐलान

मुख्यमंत्री ने बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए अलग फेडरेशन बनाने का भी ऐलान किया। बकरी के दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की समुचित व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे विशेषकर ग्रामीण महिलाओं और जीविका दीदियों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि नालंदा को बिहार का प्रमुख दुग्ध उत्पादन एवं डेयरी प्रोसेसिंग हब बनाया जाएगा।

प्रत्येक प्रखंड में प्रधानमंत्री पशु जन औषधि केंद्र स्थापित किए जाएंगे

उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य के प्रत्येक प्रखंड में प्रधानमंत्री पशु जन औषधि केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके तहत करीब एक हजार पशु औषधि केंद्र खोले जाएंगे, ताकि पशुपालकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।

बिहार में श्वेत क्रांति को नई गति देगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में हजारों नई दुग्ध उत्पादन समितियों का गठन किया गया है और ग्रामीण हाटों के माध्यम से दूध, सब्जी और मछली की बिक्री को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ये पहल बिहार में श्वेत क्रांति को नई गति देगी और लाखों पशुपालकों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।