नालंदा : मुख्यमंत्री ने राजगीर जू-सफारी एवं नेचर सफारी का किया भ्रमण,बोले-पर्यटकों की सुविधाओं का रखें ख्याल
नालंदा:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को जिले के राजगीर में राजगीर जू-सफारी एवं नेचर सफारी का भ्रमण किया. जू-सफारी के विभिन्न भागों का जायजा लिया. नियंत्रण कक्ष में जाकर जू-सफारी की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया. मुख्यमंत्री व्याख्या केंद्र गए, जहां पुराने वन्य जीव प्रजातियों की प्रदर्शनी को देखा.
सीएम ने देखा 'द वाइल्ड कॉल' एनिमेशन फिल्म देखा
मुख्यमंत्री ने 180 डिग्री थियेटर में'द वाइल्ड कॉल'एनिमेशन फिल्म देखा, जिसमें विभिन्न वन्य जीवों के कार्यकलापों, रहन-सहन एवं उनकी दुनिया को दिखाया गया है. यह फिल्म एक शेर और बाघ के शावकों की यात्रा के माध्यम से भारत की समृद्ध जैव-विविधिता और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों को उजागर करती है. इसमें भारतीय हाथी, ग्रेट इंडियन बस्टर्ड सहित कुल 23 प्रकार की वन्य जीव प्रजातियों को दिखाया गया है. राजगीर जू सफारी के एनिमेटेड फिल्म 'द वाइल्ड कॉल'को बेस्ट एनिमेशन का 16वें दादा साहेब फाल्के फिल्म फेस्टिवल का सर्टिफिकेट ऑफ एक्सिलेंस मिला, जिसे मुख्यमंत्री को सौंपा गया.
पहाड़ों की रमणिक छटा का उठाया आनंद
मुख्यमंत्री ने नेचर सफारी का भी भ्रमण किया. इस दौरान वे ग्लास ब्रिज गए, जहां उन्होंने पहाड़ों की रमणिक छटा का आनंद उठाया. जू-सफारी का बंद गाड़ी से भ्रमण करने के दौरान शेर, बाघ सहित अन्य वन्य जीवों की गतिविधियों को देखा और प्रसन्नता व्यक्त की.
वन्य जीवों के इलाज के लिएसुविधाओं की ली जानकारी
मुख्यमंत्री वन्य जीव अस्पताल गए, जहां उन्होंने वन्य जीवों के इलाज के लिए की गई सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने सिंह शावक का नामकरण 'लक्ष्मी' किया. भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नेचर सफारी एवं जू-सफारी दोनों बहुत अच्छा बना है, यहां आनेवाले पर्यटकों की सुविधाओं का ख्याल रखें। यहां की व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से मेंटेन रखें. वन्य जीवों को बेहतर माहौल एवं सुविधायें इसी प्रकार मिलती रहे ताकि वो भी आनंदित रहें.
मौके पर मंत्री, अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवड़े, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, नालंदा जिलाधिकारी कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक संकेत कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.





