मुजफ्फरपुर : जिले के सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर मध्याह्न भोजन योजना के करीब तीन क्विंटल चावल कथित तौर पर बेचने का गंभीर आरोप लगा है. इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में विद्यालय के प्रधानाध्यापक भारत भूषण कुमार छह बोरी चावल ऑटो पर लादकर पास के एक मड़ईनुमा घर में ले जाते और कांटा मशीन पर चावल का वजन कराते नजर आ रहे हैं. इस दौरान एक अन्य व्यक्ति से चावल को लेकर बातचीत करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि कशिश न्यूज़ नहीं करता है.

मामला मोतीपुर प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय ससना का बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालय में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. शिक्षा समिति के अध्यक्ष पति प्रभु पंडित और सचिव रेणु देवी ने आरोप लगाया कि विद्यालय में एमडीएम की स्थिति बेहद खराब है. आए दिन बच्चों के निवाले में कटौती की जाती है. इसको लेकर कई बार प्रखंड साधनसेवी से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

वहीं, मामले में बीईओ मनोज कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है. प्रधानाध्यापक के साथ-साथ प्रखंड साधनसेवी की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी.

अब देखना होगा कि जांच में वायरल वीडियो की सच्चाई क्या सामने आती है और बच्चों के मध्याह्न भोजन से जुड़े इस गंभीर आरोप पर शिक्षा विभाग क्या कार्रवाई करता है.

मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट-